असम में मानसून की बारिश अब आफत बनती जा रही है. लगातार जारी बाढ़ ने राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है और अब तक 100 लोगों की जान जा चुकी है. डिजास्टर रिपोर्टिंग एंड इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम असम की रविवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में 60 पुरुष, 23 महिलाएं और 18 बच्चे शामिल हैं. वहीं देश के कई अन्य राज्यों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. दिल्ली में यमुना का बढ़ता जलस्तर चिंता बढ़ा रहा है, जबकि उत्तर प्रदेश, बिहार, केरल और गुजरात में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है.
सिवसागर में एक मौत दो बार दर्ज होने से बदला आंकड़ा
असम में बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में सिवसागर और कछार शामिल हैं. प्रशासन ने सिवसागर में मौतों के आंकड़े में संशोधन किया है. एक व्यक्ति का नाम गलती से दो बार दर्ज हो जाने के कारण जिले में मृतकों की संख्या 50 से घटाकर 49 कर दी गई है. प्रशासन के मुताबिक रिकॉर्ड की जांच के दौरान यह गलती सामने आई, जिसके बाद आंकड़े को ठीक किया गया. इसके बावजूद सिवसागर में बाढ़ से हुई मौतों का आंकड़ा राज्य में सबसे अधिक बना हुआ है.
कछार में 22 लोगों की गई जान
बाढ़ से कछार जिले में अब तक 22 लोगों की मौत हुई है, जबकि करीमगंज में नौ और गोलाघाट में आठ लोगों की जान गई है. इसके अलावा धेमाजी, नगांव, उदालगुड़ी, सोनितपुर और कार्बी आंगलोंग समेत कई अन्य जिलों में भी बाढ़ ने लोगों की जिंदगी प्रभावित की है. कई इलाकों में पानी भरने से सामान्य गतिविधियां बाधित हैं और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों पर नजर बनाए हुए है. लगातार बारिश के कारण आने वाले दिनों में हालात और चुनौतीपूर्ण होने की आशंका बनी हुई है.
दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी चिंता
राजधानी दिल्ली में भी बारिश के बाद यमुना के जलस्तर को लेकर बाढ़ का खतरा बना हुआ है. हालांकि हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद नदी का जलस्तर अब धीरे-धीरे घटने लगा है. इसके बावजूद फ्लड एंड इरिगेशन विभाग लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है. मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश और आंधी की चेतावनी दी है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में प्रशासन ने लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है.
यूपी में 10 से ज्यादा नदियां खतरे के करीब
उत्तर प्रदेश में मानसूनी बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं. शाहजहांपुर के मिर्जापुर क्षेत्र में गंगा का पानी कई गांवों तक पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, गोंडा, लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, बाराबंकी, सिद्धार्थनगर और आसपास के कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.
बिहार समेत कई राज्यों में खराब मौसम का अनुमान
बिहार में भी मानसून के तेवर बने हुए हैं. गया, चंपारण के दोनों जिले, रोहतास, नवादा, बांका, लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, बेगूसराय, सहरसा और सुपौल में भारी बारिश के साथ आंधी की संभावना जताई गई है. इसके अलावा केरल और गुजरात में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है. ऐसे में असम में बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच देश के कई हिस्सों में बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है.
ये भी पढ़ें: संसद में आज पेश होंगे 4 बड़े विधेयक, परिसीमन के मुद्दे पर DMK का रुख होगा अहम, अमित शाह संभालेंगे मोर्चा