इंडिगो के सीईओ ने मांगी माफी, 19 साल की छवि पर दाग; कहा- जानबूझकर संकट खड़ा नहीं किया

Indigo Crisis: पिछले कुछ दिनों से इंडिगो एयरलाइंस गंभीर संचालन संकट से गुजर रही थी, जिसके चलते हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. उड़ानों की रद्दीकरण, देरी और अव्यवस्था ने यात्रियों का गुस्सा भड़का दिया.

Indigo Crisis CEO Apologize for delaying flight
Image Source: ANI

Indigo Crisis: पिछले कुछ दिनों से इंडिगो एयरलाइंस गंभीर संचालन संकट से गुजर रही थी, जिसके चलते हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. उड़ानों की रद्दीकरण, देरी और अव्यवस्था ने यात्रियों का गुस्सा भड़का दिया, वहीं दिल्ली हाईकोर्ट ने भी कंपनी को कड़ी फटकार लगाई. अब इस पूरे घटनाक्रम के बीच एक बड़ी राहत सामने आई है. इंडिगो बोर्ड के चेयरमैन विक्रम सिंह मेहता ने न केवल गलती स्वीकार की है, बल्कि यात्रियों से खुलकर माफी भी मांगी है.

विक्रम सिंह मेहता ने कहा कि बीते कई दिनों से बयान देने का दबाव था, लेकिन कंपनी की प्राथमिकता ऑपरेशन को स्थिर करना और यात्रियों की तात्कालिक मदद करना था. उनके अनुसार अब इंडिगो की स्थिति पहले जैसी हो गई है. रोजाना 1,900 से ज्यादा उड़ानें फिर से सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं और सभी 138 गंतव्य जोड़ दिए गए हैं. उन्होंने यह भी माना कि कंपनी की आलोचना जायज़ है और ऑपरेशन हैंडलिंग में गलती हुई है.

नियमों का उल्लंघन नहीं किया, सभी नए मानकों का पालन किया

कंपनी के खिलाफ कई तरह के आरोप लगाए गए—जानबूझकर संकट पैदा करने से लेकर सरकारी नियमों को प्रभावित करने और सुरक्षा से समझौता करने तक. चेयरमैन ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इंडिगो ने सभी FDTL (Flight Duty Time Limit) नियमों का पालन किया है और किसी तरह की अनियमितता नहीं की. साथ ही उन्होंने बताया कि बोर्ड ने अब फैसला लिया है कि एक स्वतंत्र बाहरी विशेषज्ञ की मदद से इस पूरे संकट की वजहों की गहन जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो.

तकनीकी खामियां, मौसम और रोस्टर, संकट के असली कारण

विक्रम मेहता के अनुसार यह संकट अचानक कई कारकों के एक साथ आ जाने से पैदा हुआ.
• तकनीकी दिक्कतें
• खराब मौसम
• रोस्टर में अचानक बदलाव
• सिस्टम पर अत्यधिक दबाव इन तत्वों ने मिलकर ऑपरेशन को अस्त-व्यस्त कर दिया. पहले दिन से ही इंडिगो बोर्ड ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई और तेजी से एक क्राइसिस मैनेजमेंट टीम बनाई, जिसकी बदौलत अब स्थितियां सामान्य हो रही हैं.

रिफंड और सहायता: यात्रियों को मिल रही है राहत

कंपनी ने दावा किया है कि यात्रियों को होने वाली असुविधा की भरपाई के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये के रिफंड जारी किए जा रहे हैं. जिन यात्रियों को जरूरत है, उन्हें होटल और ट्रैवल सहायता भी उपलब्ध कराई जा रही है. उनका कहना है कि बाकी सामान भी यात्रियों तक पहुंचाया जा रहा है.

19 साल की यात्रा पर दाग, लेकिन भरोसा फिर जीतेंगे

मेहता ने कहा कि यह संकट इंडिगो के 19 साल के भरोसेमंद रिकॉर्ड पर एक काला धब्बा है. अब कंपनी का लक्ष्य यात्रियों का भरोसा दोबारा जीतना है. उन्होंने बिना शर्त माफी मांगते हुए वादा किया कि सुरक्षा और सेवा मानकों को और बेहतर बनाया जाएगा. अंत में उन्होंने इंडिगो को वर्षों से मिल रहे समर्थन पर आभार व्यक्त किया 19 सालों से जो प्यार और विश्वास दिया है, उसके लिए धन्यवाद.

यह भी पढ़ें: कौन हैं IndiGo के CEO पीटर एल्बर्स, कितनी मिलती है सैलरी? नेटवर्थ जान उड़ जाएंगे होश