अमेरिकी चुनाव में भारतीयों का जलवा, 41 में से 30 उम्मीदवार जीते, 15 महिलाओं ने भी गाड़े झंडे

अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनावों में भारतीय मूल के उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन किया है. अलग-अलग राज्यों में चुनाव लड़ रहे 41 भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों में से 30 ने जीत हासिल की है.

Indians in US elections 30 out of 41 candidates win with 15 women victory
Image Source: Social Media

US Midterm Election: अमेरिका में हुए मध्यावधि चुनावों में भारतीय मूल के उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन किया है. अलग-अलग राज्यों में चुनाव लड़ रहे 41 भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों में से 30 ने जीत हासिल की है. खास बात यह है कि जीतने वालों में 15 महिलाएं भी शामिल हैं. कई उम्मीदवारों ने पहली बार चुनाव जीतकर नए रिकॉर्ड बनाए हैं.

इन नतीजों के बीच लॉस एंजिल्स के मेयर चुनाव में भारतीय मूल की नित्या रमन की जीत सबसे ज्यादा चर्चा में है. उन्होंने मौजूदा मेयर करेन बैस को हराकर यह चुनाव अपने नाम किया. भारतीय मूल के उम्मीदवारों की इस सफलता को अमेरिकी राजनीति में उनके बढ़ते प्रभाव के तौर पर देखा जा रहा है.

कई राज्यों में भारतीय उम्मीदवारों ने मारी बाजी

मिशिगन में रंजीव पुरी ने 24वें जिले से करीब 66 प्रतिशत वोट हासिल कर एक बार फिर जीत दर्ज की. वहीं एरिजोना में डेमोक्रेटिक नेता प्रिया सुंदरेशन ने 18वें जिले से लगभग 66 प्रतिशत वोट पाकर अपनी सीट बचा ली. दोनों राज्यों में डेमोक्रेटिक पार्टी को विधानसभा में बहुमत मिला है.

जॉर्जिया में ज्योत सिंह ने 97वें हाउस जिले से करीब 68 प्रतिशत वोट हासिल कर जीत दर्ज की. उन्हें राज्य विधानसभा में पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी और सिख-अमेरिकी उम्मीदवार के रूप में बताया जा रहा है.

टेक्सास में पूजा सेठी ने 47वें हाउस जिले से लगभग 63 प्रतिशत वोट पाकर जीत हासिल की. उन्होंने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि वह टेक्सास विधानसभा पहुंचने वाली पहली भारतीय-अमेरिकी महिला हैं.

कई और भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवार भी जीते

इलिनोइस में नबीला सैयद ने रिपब्लिकन उम्मीदवार को हराकर जीत हासिल की. इसके अलावा न्यूयॉर्क से लीसा कौल, इंडियाना से रंजन रोहतगी और नॉर्थ कैरोलिना से जय चौधरी भी चुनाव जीतने में सफल रहे.

कैलिफोर्निया में ऐश कालरा, वॉशिंगटन में मांका ढींगरा, ओहायो में अनीता सोमानी और पेंसिल्वेनिया में अरविंद वेंकट ने भी अपनी-अपनी सीटों पर जीत दर्ज की. वहीं मैरीलैंड में अरुणा मिलर ने उप-राज्यपाल का चुनाव दोबारा जीत लिया.

विवेक रामास्वामी समेत कई उम्मीदवारों को मिली हार

भारतीय मूल के सभी उम्मीदवारों को चुनाव में सफलता नहीं मिली. ओहायो के गवर्नर चुनाव में रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी को डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन के हाथों हार का सामना करना पड़ा. वहीं सरिता कोमाटिरेड्डी भी न्यूयॉर्क अटॉर्नी जनरल का चुनाव हार गईं.

कुल 41 भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवारों में से 30 ने जीत दर्ज की, जबकि दो उम्मीदवार आगे चल रहे थे और नौ को हार का सामना करना पड़ा. जीतने वाले 30 उम्मीदवारों में 15 महिलाएं शामिल हैं. इसके अलावा आठ उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए.

इन चुनाव नतीजों से साफ है कि अमेरिकी राजनीति में भारतीय मूल के लोगों की भागीदारी लगातार बढ़ रही है.