अग्निपथ योजना में बड़ा बदलाव, अग्निवीरों को मिला 2 साल का एक्सटेंशन, आर्म्ड फोर्सेज में होगी एनरोलमेंट

केंद्र सरकार ने अग्निवीरों को लेकर बड़ा फैसला लिया है. अब अग्निवीरों का सेवा कार्यकाल चार साल से बढ़ाकर छह साल किया जा सकेगा. कैबिनेट ने दो साल के अतिरिक्त सेवा विस्तार को मंजूरी दे दी है.

change in the Agnipath scheme Agniveers granted a 2-year extension
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Agniveer Extension: केंद्र सरकार ने अग्निवीरों को लेकर बड़ा फैसला लिया है. अब अग्निवीरों का सेवा कार्यकाल चार साल से बढ़ाकर छह साल किया जा सकेगा. कैबिनेट ने दो साल के अतिरिक्त सेवा विस्तार को मंजूरी दे दी है. इसके तहत चार साल की सेवा पूरी करने के बाद नियमित सेना में जगह नहीं पाने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल और काम करने का मौका मिलेगा.

दिल्ली में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने इस फैसले की जानकारी दी. उन्होंने इसे भारतीय सशस्त्र बलों और अग्निवीरों के लिए अहम कदम बताया. नए फैसले के मुताबिक, छह साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद भी सेना में बने रहने के इच्छुक अग्निवीरों को नियमित सेवा में शामिल होने का मौका मिल सकता है. हालांकि, इसके लिए उन्हें तय चयन प्रक्रिया और वस्तुनिष्ठ मानकों पर खरा उतरना होगा.

अग्निवीरों के लिए क्या है नई व्यवस्था?

नई व्यवस्था के तहत अग्निवीरों को शुरुआती चार साल की सेवा के बाद दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल दिया जाएगा. इससे उन युवाओं को सेना में काम करने का अधिक समय मिलेगा, जो पहले चार साल बाद सेवा से बाहर होने वाले थे.

अतिरिक्त दो साल की सेवा पूरी होने के बाद नियमित सेना में भर्ती होने का विकल्प भी रहेगा. इसके लिए अग्निवीरों का प्रदर्शन और तय चयन मानदंड अहम होंगे. यानी सेना में स्थायी रूप से शामिल होने का मौका सभी को अपने आप नहीं मिलेगा.

2022 में शुरू हुई थी अग्निपथ योजना

CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बताया कि अग्निपथ योजना की शुरुआत 14 जून 2022 को हुई थी. योजना लागू करते समय ही यह तय किया गया था कि अग्निवीरों के कामकाज और प्रदर्शन का लगातार आकलन किया जाएगा. साथ ही, समय-समय पर योजना की समीक्षा भी होगी.

अब अग्निपथ योजना के पहले बैच के अग्निवीर अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करने के करीब हैं. इस दौरान सेना ने उनके प्रदर्शन का मूल्यांकन किया है. CDS के मुताबिक, अब तक मिले फीडबैक में अग्निवीरों के कामकाज को लेकर सकारात्मक नतीजे सामने आए हैं.

इसी अनुभव और समीक्षा के आधार पर कैबिनेट ने दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने का फैसला किया है. सरकार के इस कदम से अग्निवीरों को सेना में अधिक समय तक काम करने और नियमित सेवा में शामिल होने का एक और अवसर मिल सकेगा.