रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुक करने के नियमों में किया बड़ा बदलाव, 1 अक्टूबर से होंगे लागू, किसे होगा फायदा?

Online Train Ticket Booking Rules: रेलवे यात्रियों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है. भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है, जो 1 अक्टूबर 2025 से लागू होंगे.

Indian Railways to Revamp Online Ticket Booking Rules from October 1
Image Source: Freepik

Online Train Ticket Booking Rules: रेलवे यात्रियों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है. भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है, जो 1 अक्टूबर 2025 से लागू होंगे. यदि आप अक्सर ट्रेन से सफर करते हैं और टिकट ऑनलाइन बुक करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है.

आधार वेरिफाइड यूजर्स को मिलेगी पहली 15 मिनट की एक्सेस

नए नियमों के तहत, किसी भी ट्रेन की ऑनलाइन बुकिंग विंडो खुलने के बाद शुरुआती 15 मिनट तक सिर्फ आधार प्रमाणित (Aadhaar Verified) यूजर्स ही टिकट बुक कर सकेंगे. यानी IRCTC वेबसाइट या ऐप पर टिकट बुकिंग की शुरुआत सिर्फ उन्हीं यात्रियों के लिए होगी, जिनका अकाउंट आधार से लिंक है. यह नियम पहले सिर्फ तत्काल टिकटों के लिए लागू था, लेकिन अब इसे सामान्य आरक्षण (General Reservation) पर भी लागू किया जा रहा है.

मान लीजिए आपको शिवगंगा एक्सप्रेस में 15 नवंबर की यात्रा के लिए टिकट बुक करनी है. इस ट्रेन की बुकिंग विंडो 16 सितंबर रात 12:20 बजे खुलेगी. अब 12:20 से लेकर 12:35 बजे तक केवल वे यात्री टिकट बुक कर पाएंगे, जिनका IRCTC अकाउंट आधार से वेरिफाइड है. बाकी यूजर्स को 12:35 के बाद ही बुकिंग की सुविधा मिलेगी. 

त्योहारों में टिकट बुकिंग बनती है चुनौती

त्योहारों और शादी के सीजन में जैसे ही बुकिंग विंडो खुलती है, यात्रियों की भीड़ सामान्य टिकटों के लिए टूट पड़ती है. दिवाली, छठ, होली या गर्मी की छुट्टियों जैसे अवसरों पर टिकट पाना वैसे ही कठिन होता है जैसे तत्काल टिकट में. इस नई व्यवस्था से असली यात्रियों को प्राथमिकता मिलने की उम्मीद है, और एजेंट या बॉट्स के ज़रिए टिकट बुकिंग पर भी रोक लग सकेगी.

जुलाई में तत्काल टिकटों के लिए हुआ था नियम लागू

गौरतलब है कि जुलाई 2025 से IRCTC ने तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार वेरिफिकेशन को अनिवार्य कर दिया था. यह नियम पहले से लागू है और अब इसे सामान्य टिकटों तक बढ़ाया जा रहा है. इसका उद्देश्य सिस्टम को ज्यादा पारदर्शी, सुरक्षित और फेयर बनाना है.

आपके लिए क्या है जरूरी?

अगर आप ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं, तो अपने IRCTC अकाउंट को आधार से लिंक करवा लें. बिना आधार वेरिफिकेशन के, आप बुकिंग विंडो खुलने के पहले 15 मिनट तक टिकट नहीं बुक कर पाएंगे. यह नियम 1 अक्टूबर 2025 से लागू होगा, इसलिए पहले से तैयारी करना बेहतर है.

ये भी पढ़ें: हिंद महासागर में भारत बनाएगा परमाणु किला! न्यूक्लियर पनडुब्बी स्ट्रैटजी से डरा पाकिस्तान, जानें प्लान