भारतीय नौसेना की बढ़ेगी शक्ति... ISRO कल लॉन्च करेगा CMS-03 उपग्रह, इंडिया की समुद्री ताकत में होगा इजाफा

ISRO CMS 03 Satellite: भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम एक बार फिर इतिहास रचने की तैयारी में है. 2 नवंबर 2025 की शाम, श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से आकाश में गूंजेगा भारत के सबसे ताकतवर रॉकेट LVM3 का गर्जन.

Indian Navy power will increase ISRO will launch CMS-03 satellite tomorrow
Image Source: Social Media/X

ISRO CMS 03 Satellite: भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम एक बार फिर इतिहास रचने की तैयारी में है. 2 नवंबर 2025 की शाम, श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से आकाश में गूंजेगा भारत के सबसे ताकतवर रॉकेट LVM3 का गर्जन. इस उड़ान का नाम है LVM3-M5, और इसके साथ अंतरिक्ष की ओर रवाना होगा भारत का अब तक का सबसे भारी संचार उपग्रह, CMS-03. यह सिर्फ एक तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि भारत की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और समुद्री प्रभुत्व की दिशा में उठाया गया बड़ा कदम है.

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) का लॉन्च व्हीकल मार्क-3 (LVM3), जिसे पहले GSLV Mk-III के नाम से जाना जाता था, भारत का सबसे शक्तिशाली रॉकेट है. इसी ने भारत को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचाया था, जब चंद्रयान-3 ने इतिहास रचा. अब LVM3 अपनी पांचवीं उड़ान भरने जा रहा है और उसका लक्ष्य है भारतीय नौसेना के लिए बने CMS-03 उपग्रह को कक्षा में स्थापित करना.

इस रॉकेट को 26 अक्टूबर को उपग्रह के साथ जोड़कर लॉन्च पैड पर पहुंचाया गया था. अब इसकी अंतिम तैयारियाँ पूरी हो चुकी हैं, और 2 नवंबर की शाम 5:26 बजे यह रॉकेट अंतरिक्ष की ओर रवाना होगा. इस लॉन्च को ISRO के आधिकारिक YouTube चैनल पर लाइव देखा जा सकेगा.

CMS-03: भारत का सबसे भारी संचार उपग्रह

CMS-03 (Communication Satellite Mission-03) एक मल्टी-बैंड कम्युनिकेशन सैटेलाइट है, जिसका वजन करीब 4400 किलोग्राम है. यह उपग्रह जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट (GTO) में भेजा जाएगा, जहां से यह जियोस्टेशनरी ऑर्बिट में जाकर पृथ्वी के ऊपर लगातार घूमेगा और भारत तथा उसके आस-पास के समुद्री क्षेत्रों को कवर करेगा.

सात साल तक सक्रिय रहने वाला यह उपग्रह भारतीय मुख्यभूमि के साथ-साथ जहाजों, विमानों और दूरस्थ इलाकों को भी तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय कनेक्टिविटी देगा.
इसमें इंटरनेट सेवाएं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग, सुरक्षित डेटा लिंकिंग और रीयल-टाइम संचार जैसी क्षमताएँ होंगी.

भारतीय नौसेना के लिए 'समुद्री संचार की रीढ़'

CMS-03 को नौसेना के लिए तैयार किया गया है और इसे GSAT-7R नाम से भी जाना जाता है. नौसेना के जहाज और पनडुब्बियां जब समुद्र में हजारों किलोमीटर दूर तक जाती हैं, तो ज़मीन से संपर्क बनाए रखना चुनौती बन जाता है. यही कमी अब CMS-03 पूरी करेगा.

इस उपग्रह से नौसेना को तीन बड़ी ताकतें मिलेंगी:

  • रीयल-टाइम निगरानी: दुश्मन की गतिविधियों पर पल-पल की नजर.
  • बेहतर समन्वय: जहाजों, पनडुब्बियों और विमानों के बीच तेज़ संचार.
  • समुद्री सुरक्षा कवच: हिंद महासागर, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में मजबूत निगरानी नेटवर्क.

यह उपग्रह नौसेना के लिए ‘समुद्री आंख’ साबित होगा, जिससे भारत की समुद्री सीमाओं की रक्षा और अधिक मजबूत होगी.

ऑपरेशन सिंदूर से मिली सीख, CMS-03 से मिली रणनीतिक मजबूती

मई 2025 का ऑपरेशन सिंदूर भारत की सैन्य शक्ति का प्रतीक था, लेकिन इस अभियान ने एक अहम कमजोरी उजागर की, और वो थी तीनों सेनाओं के बीच संचार में देरी. खासकर समुद्र में नौसेना और वायुसेना के बीच रीयल-टाइम समन्वय मुश्किल था.

इसी अनुभव ने सरकार को प्रेरित किया कि भारत की सेनाओं के लिए एक आधुनिक, सुरक्षित और जाम-प्रूफ उपग्रह नेटवर्क तैयार किया जाए. CMS-03 उसी दिशा में उठाया गया पहला बड़ा कदम है, जो भारत के 3 अरब डॉलर के रक्षा सैटेलाइट प्रोजेक्ट का हिस्सा है. भविष्य में, अगर “ऑपरेशन सिंदूर 2.0” जैसा कोई अभियान हुआ, तो यह उपग्रह नौसेना को वायुसेना और थलसेना के साथ रीयल-टाइम में जोड़ देगा.

लॉन्च के लिए सब तैयार

20 अक्टूबर को रॉकेट और उपग्रह का एकीकरण पूरा हुआ. 26 अक्टूबर को LVM3-M5 को लॉन्च पैड तक पहुंचाया गया. अब मौसम, ईंधन और सिस्टम की आखिरी जांच जारी है. श्रीहरिकोटा के कंट्रोल सेंटर में वैज्ञानिक चौबीसों घंटे मॉनिटरिंग में जुटे हैं.

अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो 2 नवंबर की शाम भारत का नया गौरव आकाश में चमकेगा, और समुद्र से लेकर अंतरिक्ष तक भारत की डिजिटल रक्षा पंक्ति और भी मजबूत हो जाएगी.

यह भी पढ़ें- 3 दिन और मिल जाएगा नया GST, आज से शुरू हुआ ये प्रोसेस; छोटे कारोबारियों को राहत