देश के लाखों छोटे व्यापारियों और स्टार्टअप्स के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ी राहत की घोषणा की है. अब GST रजिस्ट्रेशन के लिए लंबा इंतजार खत्म हो गया है. 1 नवंबर 2025 से नई तेज और सरल रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया लागू कर दी गई है, जिसके तहत लो-रिस्क यानी कम जोखिम वाले कारोबारी और छोटे उद्यमी केवल तीन वर्किंग दिनों में GST रजिस्ट्रेशन प्राप्त कर सकेंगे.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि इस योजना से देश के करीब 96 प्रतिशत नए आवेदकों को लाभ मिलेगा. उनका कहना है कि यह कदम न केवल छोटे कारोबारियों का प्रशासनिक बोझ घटाएगा, बल्कि उन्हें औपचारिक अर्थव्यवस्था से तेजी से जोड़ने में भी मदद करेगा.
नई स्कीम से किसे मिलेगा फायदा?
सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस नई व्यवस्था का लाभ दो तरह के कारोबारियों को मिलेगा. पहली श्रेणी में वे लोग शामिल हैं, जिनका डेटा GST सिस्टम की एनालिटिक्स रिपोर्ट के अनुसार ‘लो-रिस्क’ माना गया है. यानी ऐसे कारोबारी जिनके रिकॉर्ड में टैक्स चोरी या किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना नहीं है. दूसरी श्रेणी में वे कारोबारी आएंगे, जो स्वयं यह घोषणा करेंगे कि उनकी मासिक टैक्स देनदारी 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं है. ऐसे लोगों को अब लंबी और जटिल जांच प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा. आवेदन के तीन कार्यदिवस के भीतर ही उन्हें रजिस्ट्रेशन नंबर जारी कर दिया जाएगा.
GST काउंसिल की बैठक में मिली हरी झंडी
इस तेज रजिस्ट्रेशन योजना को 3 सितंबर 2025 को हुई GST काउंसिल की बैठक में मंजूरी दी गई थी. परिषद ने सर्वसम्मति से इसे छोटे कारोबारियों के हित में बताया. सरकार का उद्देश्य है कि इस नई व्यवस्था से छोटे व्यापारियों को टैक्स सिस्टम के दायरे में लाना आसान और सुविधाजनक बने. इसके साथ ही प्रशासनिक औपचारिकताओं में कटौती कर व्यवसायिक माहौल को और अनुकूल बनाया जा सके. इसके तहत कोई भी कारोबारी स्वेच्छा से इस स्कीम में शामिल हो सकता है और यदि उसे लगे कि यह उसके लिए उपयुक्त नहीं है, तो वह किसी भी समय इससे बाहर भी निकल सकता है.
निर्मला सीतारमण ने क्या कहा?
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गाज़ियाबाद में नए CGST भवन के उद्घाटन समारोह में इस नई प्रक्रिया का ऐलान किया. उन्होंने कहा, कि हमारा उद्देश्य है कि ईमानदार और छोटे कारोबारियों को कर प्रणाली में शामिल करने की प्रक्रिया सरल और तेज़ हो. अब GST रजिस्ट्रेशन में महीनों का इंतजार खत्म होगा.” सीतारमण ने साथ ही CBIC (Central Board of Indirect Taxes and Customs) को निर्देश दिया कि देशभर में सभी GST सेवा केंद्रों पर समर्पित हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएं, ताकि आवेदकों को आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की तकनीकी या दस्तावेज़ी दिक्कत का सामना न करना पड़े.
देश में GST रजिस्ट्रेशन की मौजूदा स्थिति
फिलहाल भारत में 1.54 करोड़ से अधिक व्यवसाय GST सिस्टम के तहत पंजीकृत हैं. पिछले कुछ वर्षों में GST पोर्टल पर नए रजिस्ट्रेशन के लिए औसतन 7 से 15 दिनों का समय लग रहा था, जिससे छोटे व्यापारियों को कामकाज शुरू करने में देरी होती थी. नई व्यवस्था के तहत यह प्रक्रिया अब तीन दिनों तक सीमित कर दी गई है, जिससे स्टार्टअप्स और छोटे उद्योगों को अपने व्यापार की शुरुआत करने में बड़ी राहत मिलेगी.
सरकार का लक्ष्य: ईमानदार व्यापारियों को बढ़ावा
केंद्र सरकार का मानना है कि यह सुधार न केवल कारोबार की सुगमता (Ease of Doing Business) को बढ़ाएगा, बल्कि टैक्स अनुपालन (Tax Compliance) को भी मजबूत करेगा. यह पहल सरकार के उस व्यापक विज़न का हिस्सा है, जिसके तहत वह सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (MSMEs) को डिजिटली सशक्त और औपचारिक अर्थव्यवस्था से जुड़ा हुआ बनाना चाहती है. वित्त मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नई स्कीम से न केवल रजिस्ट्रेशन की गति बढ़ेगी, बल्कि धोखाधड़ी की आशंका भी कम होगी, क्योंकि डेटा एनालिटिक्स के ज़रिए उच्च जोखिम वाले आवेदनों की पहचान पहले ही कर ली जाएगी.
अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा सकारात्मक असर
आर्थिक विशेषज्ञों के अनुसार, इस कदम से भारत में छोटे और मध्यम व्यापार क्षेत्र की वृद्धि दर में तेजी आएगी. अब तक लंबी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के कारण कई छोटे कारोबारी अनौपचारिक क्षेत्र में ही रह जाते थे, लेकिन नई प्रणाली से वे भी आत्मविश्वास के साथ GST नेटवर्क में शामिल हो सकेंगे. इससे सरकारी राजस्व संग्रह में वृद्धि होगी और डिजिटल टैक्स ट्रैकिंग सिस्टम और अधिक मजबूत बनेगा.
यह भी पढ़ें: रेलवे में नौकरी पाने का सुनहरा मौका! 2570 पदों पर निकली भर्ती, जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया