Indian Air Force Recruitment 2026: इंडियन एयर फोर्स (IAF) ने वर्ष 2026 के लिए ग्रुप C सिविलियन पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती में लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC), हिंदी टाइपिस्ट और सिविलियन मैकेनिकल ट्रांसपोर्ट ड्राइवर जैसे विभिन्न पद शामिल हैं. खास बात यह है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑफलाइन होगी, जिसके तहत उम्मीदवारों को फॉर्म भरकर डाक के माध्यम से भेजने होंगे. यह सरकारी नौकरी का एक बेहतरीन अवसर है, खासकर 10वीं और 12वीं पास युवाओं के लिए.
कुल पदों की संख्या और भर्ती का विवरण
इस भर्ती के तहत कुल 47 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इनमें से 37 पद लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) के लिए हैं, जबकि हिंदी टाइपिस्ट के लिए 10 और सिविलियन मैकेनिकल ट्रांसपोर्ट ड्राइवर के लिए 3 पद निर्धारित किए गए हैं. इन पदों के लिए नियुक्तियां भारतीय एयर फोर्स के विभिन्न कमांड और यूनिट्स में की जाएंगी, जिससे उम्मीदवारों को देशभर में कार्य करने का अवसर मिलेगा.
शैक्षिक योग्यता और पात्रता
लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) और हिंदी टाइपिस्ट के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं कक्षा पास होना अनिवार्य है. इसके अलावा, टाइपिंग स्पीड अंग्रेजी में 35 शब्द प्रति मिनट या हिंदी में 30 शब्द प्रति मिनट होनी चाहिए. वहीं, ड्राइवर पद के लिए 10वीं पास होना आवश्यक है. इसके अलावा, उम्मीदवार के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस, कम से कम दो साल का अनुभव और वाहन से संबंधित तकनीकी जानकारी भी होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को उम्र सीमा में नियमानुसार छूट मिलेगी.
आवेदन प्रक्रिया
आवेदन के इच्छुक उम्मीदवारों को पहले आवेदन फॉर्म को डाउनलोड करके उसे साफ और सही तरीके से भरना होगा. फॉर्म में सभी जरूरी दस्तावेज़ जैसे एजुकेशनल सर्टिफिकेट, जन्म तिथि प्रमाण पत्र, जाति प्रमाणपत्र और ड्राइविंग लाइसेंस की वैरीफाइड कॉपी लगाने की आवश्यकता होगी. इसके अलावा, पासपोर्ट साइज फोटो भी आवेदन पत्र में चिपकाना जरूरी है. सभी दस्तावेजों के साथ आवेदन फॉर्म को संबंधित एयर फोर्स स्टेशन पर डाक के माध्यम से भेजना होगा.
चयन प्रक्रिया और वेतन
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा. उसके बाद, लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) और हिंदी टाइपिस्ट पदों के लिए टाइपिंग टेस्ट और ड्राइवर पद के लिए ड्राइविंग टेस्ट आयोजित किए जाएंगे. चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के तहत ₹19,900 से ₹63,200 तक का वेतन दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: पुलिस की तैयारी करने वालों के लिए खुशखबरी, एक लाख पदों पर निकलेगी भर्ती; सीएम योगी का बड़ा ऐलान