Team India Selection: वेस्टइंडीज सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, पंत फिर बाहर; इन नए चेहरों की एंट्री

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है. सेलेक्शन कमेटी के इस फैसले का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था, खासकर इसलिए क्योंकि ऐसी चर्चा थी कि चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का यह आखिरी सेलेक्शन हो सकता है.

india-west-indies-odi-t20-squad-pant-selection
Image Source: ANI

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है. सेलेक्शन कमेटी के इस फैसले का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था, खासकर इसलिए क्योंकि ऐसी चर्चा थी कि चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर का यह आखिरी सेलेक्शन हो सकता है. हालांकि, टीम में ज्यादातर नाम उम्मीद के मुताबिक ही हैं. रोहित शर्मा वनडे टीम में अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहे हैं, जबकि ऋषभ पंत को एक बार फिर मौका नहीं मिला. वहीं नमन धीर और जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है.

शुभमन गिल संभालेंगे वनडे की कमान

27 सितंबर से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे. इस बार श्रेयस अय्यर और जसप्रीत बुमराह वनडे टीम का हिस्सा नहीं हैं, क्योंकि इसी दौरान दोनों एशियन गेम्स 2026 में भारत के लिए गोल्ड मेडल की दावेदारी पेश करेंगे. अय्यर की गैरमौजूदगी में केएल राहुल को वनडे टीम का उप-कप्तान बनाया गया है. वहीं टी20 सीरीज में श्रेयस अय्यर ही टीम की कप्तानी करेंगे. वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को खेला जाएगा.

पंत फिर बाहर, हार्दिक की वापसी भी नहीं

16 सितंबर की शाम हुई सेलेक्शन कमेटी की बैठक के बाद BCCI ने दोनों फॉर्मेट की टीमों का ऐलान किया. वनडे टीम में ऋषभ पंत को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा थी, लेकिन उन्हें इस बार भी जगह नहीं मिली. उनकी जगह ध्रुव जुरेल को बैकअप विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है. पंत को ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम की कप्तानी सौंपी गई है. वहीं हार्दिक पंड्या भी टीम में वापसी नहीं कर सके हैं, जिससे उनकी फिटनेस को लेकर सवाल बने हुए हैं. श्रेयस अय्यर के बाहर होने के कारण ऋतुराज गायकवाड की वनडे टीम में वापसी हुई है.

नमन धीर और आकिब नबी को पहली बार मौका

घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले पंजाब के ऑलराउंडर नमन धीर को पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है. वह किसी भी फॉर्मेट में पहली बार टीम इंडिया का हिस्सा बने हैं और वनडे टीम में वॉशिंगटन सुंदर की जगह ले सकते हैं, क्योंकि सुंदर भी एशियन गेम्स की टीम में शामिल हैं. वहीं जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में मोहम्मद सिराज तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे. सिराज लंबे समय बाद इस फॉर्मेट में वापसी कर रहे हैं. उनके साथ जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को भी पहली बार वनडे टीम में चुना गया है.

टी20 टीम में ज्यादा बदलाव नहीं

टी20 सीरीज की शुरुआत 6 अक्टूबर से होगी और तब तक एशियन गेम्स भी खत्म हो चुके होंगे. ऐसे में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी. इस टीम में वनडे के मुकाबले ज्यादा बदलाव नहीं किए गए हैं. सिर्फ जसप्रीत बुमराह को टी20 सीरीज के लिए आराम दिया गया है. उनकी जगह प्रिंस यादव और मयंक यादव की टीम में वापसी हुई है. इस तरह वेस्टइंडीज सीरीज में टीम इंडिया के सामने वनडे में नए चेहरों को आजमाने और टी20 में अपनी मजबूत टीम के साथ उतरने का मौका होगा.

भारत की ODI टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उप-कप्तान), ध्रुव जुरेल, नीतिश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर.

भारत की T20I टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नीतिश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव.

ये भी पढ़ें: BCCI ने किया WPL 2027 के शेड्यूल का ऐलान, जानिए कब खेला जाएगा पहला मैच