BCCI ने किया WPL 2027 के शेड्यूल का ऐलान, जानिए कब खेला जाएगा पहला मैच

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार, 16 सितंबर को WPL 2027 की अहम तारीखों का ऐलान कर दिया.

wpl-2027-dates-auction-schedule-venues-teams-bcci-announcement
Image Source: ANI

महिला क्रिकेट के सबसे बड़े घरेलू टूर्नामेंट में से एक विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) के अगले सीजन को लेकर तस्वीर साफ हो गई है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार, 16 सितंबर को WPL 2027 की अहम तारीखों का ऐलान कर दिया. पांचवें सीजन की शुरुआत 14 जनवरी 2027 से होगी और टूर्नामेंट का फाइनल 7 फरवरी को खेला जाएगा. वहीं खिलाड़ियों की खरीद के लिए ऑक्शन 28 अक्टूबर को कोच्चि में आयोजित किया जाएगा.

28 सितंबर तक तय होगी रिटेंशन लिस्ट

WPL 2027 से पहले सभी पांच फ्रेंचाइजी को अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची 28 सितंबर 2026 तक जमा करनी होगी. इसके करीब एक महीने बाद 28 अक्टूबर को ऑक्शन होगा. एक टीम के स्क्वॉड में अधिकतम 18 खिलाड़ी हो सकते हैं, जबकि इनमें ज्यादा से ज्यादा 6 विदेशी खिलाड़ी शामिल किए जा सकेंगे. किसी भी खिलाड़ी की अधिकतम कीमत 15 करोड़ रुपये से ज्यादा नहीं होगी.

वेन्यू को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार

BCCI ने फिलहाल WPL 2027 के मुकाबलों के वेन्यू की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. हालांकि, रिपोर्ट्स में वडोदरा और मुंबई को संभावित मेजबान शहर बताया जा रहा है. इसके अलावा वाराणसी में तैयार हो रहे नए स्टेडियम में भी मैच कराए जाने की चर्चा है, लेकिन यह वहां की तैयारियों और समय पर सुविधाएं पूरी होने पर निर्भर करेगा. टूर्नामेंट का पूरा फिक्स्चर भी अभी जारी नहीं किया गया है.

RCB के पास खिताब बचाने की चुनौती

WPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दिल्ली कैपिटल्स को फाइनल में 6 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया था. स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली RCB ने यह ट्रॉफी दूसरी बार जीती थी, इससे पहले टीम 2024 में चैंपियन बनी थी. अब 2027 सीजन में सभी पांच टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी और मुकाबलों का पूरा शेड्यूल जारी होने के बाद टूर्नामेंट की तस्वीर और साफ हो जाएगी.

ये भी पढ़ें: ICC की वनडे रैंकिंग में शुभमन गिल की बादशाहत कायम, जानिए किस नंबर पर हैं रोहित-विराट