IND vs PAK Head to Head: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को एक और ऐतिहासिक मुकाबला खेला जाएगा, जो श्रीलंका के आर प्रेमदासा स्टेडियम में होगा. दोनों टीमें अब तक इस टूर्नामेंट में दो-दो मैच खेल चुकी हैं और दोनों ने जीत हासिल की है, जिसके बाद फैंस को इस मैच में रोमांचक टक्कर की उम्मीद है. इस बीच, हम आपको भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप के रिकॉर्ड और दोनों टीमों के प्रदर्शन पर एक नजर डालेंगे.
भारत और पाकिस्तान का हेड टू हेड रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 8 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 7 मैच जीते हैं. पाकिस्तान को सिर्फ एक बार जीत मिली है. यह एकमात्र हार भारत को 2021 के टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान से मिली थी. इसके अलावा, भारत ने हर बार पाकिस्तान को हराया है और 15 फरवरी को होने वाले मुकाबले में भी टीम इंडिया को जीत की फेवरेट माना जा रहा है.
भारत का ओवरऑल रिकॉर्ड भी पाकिस्तान से बेहतर
अगर ओवरऑल टी20 इंटरनेशनल मैचों की बात करें, तो भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 16 मैच खेले गए हैं. इन 16 मैचों में से भारत ने 12 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ 3 मैचों में जीत मिली है. एक मुकाबला टाई भी रहा है. इस प्रकार, ओवरऑल रिकॉर्ड भी भारत के पक्ष में रहा है, और इस आंकड़े से यह साफ है कि टी20 फॉर्मेट में भारत का पाकिस्तान पर दबदबा बना हुआ है. ऐसे में, आगामी मैच में भी टीम इंडिया को मजबूत दावेदार माना जा रहा है.
भारत के इन खिलाड़ियों पर होंगी सबकी निगाहें
भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस हाई-वोल्टेज मैच में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन महत्वपूर्ण रहेगा. ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, और हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी शानदार फॉर्म में हैं, और उन पर सभी की निगाहें होंगी. इसके अलावा, इस मैच की मेज़बानी कोलंबो करेगा, जहां की पिच स्पिनर्स के लिए मददगार मानी जाती है. ऐसे में, भारतीय स्पिनर्स वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल से भी मैच में बड़ी उम्मीदें हैं. उनकी गेंदबाजी टीम इंडिया के लिए एक निर्णायक भूमिका अदा कर सकती है.
ये भी पढ़ें: IND vs PAK: कोलंबो में बल्लेबाजों का चलेगा जादू या गेंदबाज मचाएंगे तहलका? जानिए क्या कहती है पिच रिपोर्ट