IND vs ENG Playing 11: भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज अब ऐसे मोड़ पर पहुंच चुकी है, जहां टीम इंडिया के लिए हर मुकाबला फाइनल जैसा बन गया है. ब्रिस्टल में होने वाला चौथा टी20 भारतीय टीम के लिए सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि सीरीज में बने रहने की आखिरी उम्मीद है. लगातार खराब बल्लेबाजी ने टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है और इसी वजह से प्लेइंग इलेवन में बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक संजू सैमसन की वापसी हो सकती है, हालांकि इस पर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
तिलक वर्मा पर गिर सकती है गाज
अगर संजू सैमसन टीम में लौटते हैं तो सबसे बड़ा असर उपकप्तान तिलक वर्मा पर पड़ सकता है. हाल के मुकाबलों में तिलक का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है, खासकर स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी सवालों के घेरे में रही है. इस साल टी20 क्रिकेट में उन्होंने स्पिन के खिलाफ 98 गेंदों में सिर्फ 90 रन बनाए हैं, उनका स्ट्राइक रेट 100 से नीचे रहा है और औसत भी महज 22.5 का है. ऐसे आंकड़े मिडिल ऑर्डर की भूमिका निभाने वाले बल्लेबाज के लिए चिंता बढ़ाने वाले हैं, जिसके चलते टीम मैनेजमेंट बदलाव का फैसला ले सकता है.
तीसरे टी20 की हार ने बढ़ाई मुश्किलें
ट्रेंटब्रिज में खेले गए तीसरे टी20 में भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा. इंग्लैंड के 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी टीम केवल 76 रन पर सिमट गई. वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने 13-13 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा और अक्षर पटेल 10-10 रन ही जोड़ सके. इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया और पूरी टीम सिर्फ 70 गेंदों में ऑलआउट हो गई. इस हार के बाद भारत सीरीज में 0-2 से पीछे है और अब ब्रिस्टल में हार मिलने पर सीरीज भी इंग्लैंड के नाम हो जाएगी.
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और प्रिंस यादव.
ये भी पढ़ें: सौरव गांगुली को बर्थडे पर जय शाह ने दिया सबसे बड़ा तोहफा, ICC हॉल ऑफ फेम में होगी एंट्री