हवा में थी इंडिगो फ्लाइट, अचानक कार्गो होल्ड से निकला धुआं, 42 मिनट तक दहशत में रहे 194 यात्री, ऐसे टला हादसा!

दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की एक उड़ान में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब उड़ान के दौरान विमान के कार्गो होल्ड एरिया से धुआं निकलने की सूचना मिली.

dubai-mumbai-indigo-flight-smoke-emergency-landing-rajkot-safely
Image Source: Social Media

दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की एक उड़ान में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब उड़ान के दौरान विमान के कार्गो होल्ड एरिया से धुआं निकलने की सूचना मिली. यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पायलट ने तुरंत इमरजेंसी घोषित की और विमान को गुजरात के राजकोट स्थित हीरासर एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया. करीब 42 मिनट तक 194 यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सांसें थमी रहीं, लेकिन राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित तरीके से उतर गया और किसी भी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा.

धुआं दिखते ही इमरजेंसी प्रोटोकॉल हुआ एक्टिव

जानकारी के मुताबिक एयरबस A321, फ्लाइट नंबर IGO1452, दुबई से मुंबई के लिए रवाना हुई थी. उड़ान के दौरान कार्गो होल्ड एरिया में धुआं दिखाई देने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल और एयरलाइन के बीच तुरंत समन्वय स्थापित किया गया. दोपहर 2:45 बजे पूर्ण इमरजेंसी घोषित की गई और विमान को राजकोट एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया. करीब 3:27 बजे विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की. किसी संभावित आग की स्थिति से निपटने के लिए एयरपोर्ट पर पहले से ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीमें तैनात कर दी गई थीं. लैंडिंग के तुरंत बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और विमान की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई.

जांच के बाद सामने आएगी वजह

राजकोट एयरपोर्ट के डायरेक्टर दिगंत बोरा ने बताया कि कार्गो होल्ड एरिया में धुआं दिखाई देने की सूचना मिलने के बाद सभी निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया. विमान सुरक्षित रूप से उतरा और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं. फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि धुआं किस कारण से निकला. उल्लेखनीय है कि इसी महीने बेंगलुरु में इंडिगो की एक उड़ान में बम होने की पर्ची मिलने से भी हड़कंप मच गया था, हालांकि जांच के दौरान वह सूचना पूरी तरह फर्जी साबित हुई थी.

चीन से काठमांडू जा रहा विमान लखनऊ पहुंचा

इधर, एक अन्य विमानन घटना में खराब मौसम के चलते चाइना सदर्न एयरलाइंस की फ्लाइट सीजेड 3067 को भी अपने तय गंतव्य से डायवर्ट करना पड़ा. चीन के ग्वांगझू से काठमांडू जा रहा एयरबस A320neo नेपाल की राजधानी में मौसम खराब होने के कारण लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतारा गया. विमान रविवार रात 11:18 बजे सुरक्षित लैंड हुआ. इस फ्लाइट में 159 यात्री सवार थे और सभी को सुरक्षित रखा गया. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं एक बार फिर यह दिखाती हैं कि आपात स्थिति में समय पर लिया गया निर्णय यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सबसे अहम भूमिका निभाता है.

ये भी पढ़ें: जहाज पर हमले में भारतीय नागरिक की मौत से भड़का भारत, विदेश मंत्रालय ने यूक्रेन के राजदूत को किया तलब