IND vs BAN: वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया जाएगी बांग्लादेश, देखें 6 मैचों का पूरा शेड्यूल

भारतीय क्रिकेट टीम बांग्लादेश दौरे पर जाने वाली है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 2 जनवरी को अपने क्रिकेट शेड्यूल का ऐलान किया है, जिसमें भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा भी शामिल है.

india vs bangladesh cricket series schedule check dates
Image Source: ANI/ File

India vs Bangladesh Series: क्रिकेट की दुनिया में इन दिनों बांग्लादेश और भारत के बीच बढ़ते विवादों के बीच एक नई खबर सामने आई है. जहां एक तरफ बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तिफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 के लिए कोलकाता नाइट राइडर्स ने बड़ी कीमत पर खरीदा है, वहीं दूसरी ओर भारतीय क्रिकेट टीम बांग्लादेश दौरे पर जाने वाली है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 2 जनवरी को अपने क्रिकेट शेड्यूल का ऐलान किया है, जिसमें भारतीय टीम का बांग्लादेश दौरा भी शामिल है.

भारत-बांग्लादेश सीरीज का शेड्यूल

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अनुसार, भारतीय टीम बांग्लादेश में सितंबर 2026 में तीन मैचों की वनडे और टी20 सीरीज खेलेगी. वनडे सीरीज के मैच 1, 3 और 6 सितंबर को आयोजित होंगे, जबकि टी20 सीरीज के मैच 9, 12 और 13 सितंबर को होंगे. इस शेड्यूल के अनुसार, भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट मुकाबले निश्चित हो गए हैं, लेकिन एक सवाल उठता है – क्या हालात इतने सामान्य होंगे कि इस सीरीज का आयोजन बिना किसी विवाद के हो सकेगा?

सीरीज के ऐलान के बाद बढ़ेगा विवाद?

पिछले एक साल में भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्ते तनावपूर्ण रहे हैं. सोशल मीडिया पर भी ऐसी खबरें सामने आई हैं जिनसे माहौल और गरमाया है. ऐसे में जब भारत और बांग्लादेश के बीच सीरीज का ऐलान हुआ है, तो इसे लेकर कई तरह के विवाद उठने की संभावना है. दोनों देशों के बीच क्रिकेट से जुड़ी समस्याएं पहले ही चर्चा का विषय रही हैं, और अब यह सीरीज भी एक नया विवाद बन सकती है.

IPL में बांग्लादेशी खिलाड़ियों का विरोध

इस बीच, बांग्लादेशी क्रिकेटरों के भारत में विरोध की खबरें भी आ रही हैं. आईपीएल 2026 की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुस्तिफिजुर रहमान को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा, जिससे काफी विवाद पैदा हुआ है. कई राजनीतिक हस्तियों ने शाहरुख खान के खिलाफ टिप्पणी की है. हालांकि, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने साफ कर दिया है कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर आईपीएल में खेलने को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं होगा. इसके बावजूद, बांग्लादेशी खिलाड़ियों का भारत में विरोध जारी है, और यह सीरीज के दौरान और बढ़ सकता है.

भारत का बांग्लादेश में रिकॉर्ड

भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ अपनी पिछली सीरीज (2022-23) में हार का सामना किया था. उस सीरीज में भारत को वनडे में 2-1 से हार मिली थी. हालांकि, भारत का बांग्लादेश में ऐतिहासिक रिकॉर्ड अभी भी मजबूत है. भारत ने बांग्लादेश में कुल 25 मैचों में से 18 मैच जीते हैं, जबकि 6 मैचों में उसे हार मिली और 1 मैच बेनतीजा रहा. 

ये भी पढ़ें: IND vs NZ: बड़ौदा में RO-KO का जबरदस्त क्रेज! 8 मिनट में SOLD OUT हुए टिकट, जानें कब होगा मुकाबला