India vs Japan T20 Match: भारत और जापान की क्रिकेट टीमें 22 सितंबर को एक ऐतिहासिक टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी. दोनों देशों के बीच यह पहला पुरुष टी20 इंटरनेशनल मैच है और इसे भारत-जापान राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित किया जा रहा है. मुकाबला जापान के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा और यह Sport 75 पहल की शुरुआत भी करेगा.
पहली बार टी20 में भिड़ेंगे भारत-जापान
यह मुकाबला एशियन गेम्स 2026 से पहले दोनों टीमों के लिए अहम तैयारी का हिस्सा भी है. भारत की टीम इस मैच के बाद 28 सितंबर से एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत करेगी. भारत ने इस ऐतिहासिक मुकाबले के लिए श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम उतारी है, जिसमें जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं.
कब और कहां देख पाएंगे लाइव?
भारत-जापान टी20 इंटरनेशनल मुकाबला 22 सितंबर को सुबह 9:30 बजे भारतीय समयानुसार शुरू होगा. मैच का आयोजन सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड, जापान में होगा. भारत में मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग FanCode पर उपलब्ध रहेगी.
टीम इंडिया में हुए बदलाव
जापान के खिलाफ मुकाबले से पहले भारतीय टीम में कुछ बदलाव भी किए गए हैं. चोट के कारण वरुण चक्रवर्ती उपलब्ध नहीं हैं और उनकी जगह विप्रज निगम को टीम में शामिल किया गया है. हर्षित राणा की जगह यश ठाकुर को मौका मिला है, जबकि वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के कारण नीतीश कुमार रेड्डी को टी20 टीम से बाहर किया गया है.
भारत का स्क्वाड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, विप्रज निगम, वाशिंगटन सुंदर, संजू सैमसन, ईशान किशन, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, यश ठाकुर
ये भी पढ़ें: जापान के खिलाफ टीम इंडिया में होंगे बड़े बदलाव, वैभव-संजू करेंगे ओपनिंग, अभिषेक-बुमराह को आराम!