Microsoft Asha Sharma: टेक्नोलॉजी की दिग्गज कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने अपनी गेमिंग डिवीजन में बड़ा बदलाव किया है. कंपनी के 38 साल तक साथ रहने वाले फिल स्पेंसर अब रिटायर हो रहे हैं. उनकी जगह अब भारतीय मूल की आशा शर्मा को माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग का सीईओ और एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट बना दिया गया है. आशा शर्मा इससे पहले माइक्रोसॉफ्ट में एआई मॉडल्स और सर्विसेज के प्रोडक्ट डेवलपमेंट की हेड थीं और उनके पास दो साल से ज्यादा का अनुभव है. इससे पहले, वे इंस्टाकार्ट में सीओओ और मेटा में वाइस प्रेसिडेंट रह चुकी हैं. यह बदलाव ऐसे समय पर हुआ है जब माइक्रोसॉफ्ट के Xbox बिजनेस पर बढ़ती लागत और बढ़ती प्रतिस्पर्धा का दबाव साफ दिखाई दे रहा है.
हाल ही की रिपोर्टों में बताया गया कि दिसंबर तिमाही में गेमिंग रेवेन्यू करीब 9.5 प्रतिशत गिर गया है. इसके अलावा, बढ़ती लागत और टैरिफ के कारण Xbox हार्डवेयर की कीमत भी बढ़ानी पड़ी है. माइक्रोसॉफ्ट ने 2023 में एक्टिविजन ब्लिजार्ड को 69 अरब डॉलर में खरीदा था, जिससे गेमिंग बाजार में उसकी ताकत तो बढ़ी, लेकिन अब भी इंटीग्रेशन का काम चल रहा है. कंज्यूमर खर्च में अनिश्चितता के कारण भी बिजनेस पर असर पड़ा है. आशा शर्मा को उम्मीद है कि वे एआई और प्लेटफॉर्म एक्सपीरियंस में अपने अनुभव से कंपनी की नई रणनीति को एक मजबूत दिशा दे पाएंगी.
कौन हैं आशा शर्मा?
आशा शर्मा ग्लोबल टेक इंडस्ट्री की एक अनुभवी लीडर हैं. माइक्रोसॉफ्ट में उन्होंने एआई प्लेटफॉर्म और प्रोडक्ट लीडरशिप संभाली है. इससे पहले वे इंस्टाकार्ट में सीओओ और मेटा में प्रोडक्ट रोल में थीं. उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ मिनेसोटा से बिजनेस की पढ़ाई की है और उनका करियर तेजी से बढ़ते टेक प्लेटफॉर्म्स को स्केल करने और बड़ी टीमों को लीड करने पर केंद्रित रहा है.
फिल स्पेंसर का योगदान
फिल स्पेंसर ने लगभग 40 साल तक माइक्रोसॉफ्ट में काम किया और Xbox ब्रांड को पूरी दुनिया में पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कंपनी ने यह भी बताया कि फिल इस जून तक एक एडवाइजरी रोल में बने रहेंगे, ताकि आशा शर्मा को लीडरशिप संभालने में कोई परेशानी न हो.
सत्या नडेला का संदेश
माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला ने कहा कि पिछले दो सालों में आशा शर्मा ने इंस्टाकार्ट और मेटा में अरबों लोगों तक पहुंचने वाली सर्विसेज बनाई हैं. उन्होंने कहा, "आशा शर्मा ने हमेशा कंज्यूमर और डेवलपर इकोसिस्टम को सपोर्ट करने वाली सर्विसेज बनाई हैं." इसके अलावा, आशा शर्मा ने कहा कि वे Xbox कंसोल पर फोकस बढ़ाएंगी और कोर Xbox फैंस और प्लेयर्स के प्रति कंपनी की कमिटमेंट को मजबूत करेंगी.
आशा ने यह भी कहा कि गेमिंग अब केवल एक हार्डवेयर तक सीमित नहीं है. यह पीसी, मोबाइल और क्लाउड पर फैल चुका है, और Xbox को अब हर डिवाइस पर सेमलेस और इंस्टेंट अनुभव बनाना चाहिए, ताकि सभी प्लेयर तक बिना किसी रुकावट के पहुंच सके.
नया अध्याय: माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग
फिल स्पेंसर ने अपने रिटायरमेंट पर कहा, “1988 में माइक्रोसॉफ्ट में इंटर्न के तौर पर कदम रखा, तो कभी सोचा नहीं था कि मैं कौन से प्रोडक्ट्स बनाऊंगा, किन प्लेयर और कस्टमर्स के लिए काम करूंगा.”
उन्होंने इस यात्रा को अपना "महाकाव्य सफर" बताया और आशा शर्मा का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें पिछले कुछ महीनों में उनके साथ काम करने का अच्छा अनुभव हुआ है. यह बदलाव माइक्रोसॉफ्ट गेमिंग के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है, और आशा शर्मा के नेतृत्व में कंपनी को और भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- बिहार के किसानों को मिली 100 करोड़ से अधिक की राशि, ऐसे चेक करें अपने खाते का बैलेंस