हनी ट्रैप, फर्जी लोन और साइबर अटैक... कैसे होती है सेना की जासूसी? वायुसेना प्रमुख ने किया खुलासा

भारतीय रक्षा उद्योग पर जासूसी का खतरा लगातार बढ़ रहा है. अब जासूस सिर्फ हनी ट्रैप के जरिए ही नहीं, बल्कि साइबर हमलों और पैसों का लालच देकर भी लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं.

Honey traps fake loans Air Force Chief reveals how is the military spied upon
Image Source: Social Media

भारतीय रक्षा उद्योग पर जासूसी का खतरा लगातार बढ़ रहा है. अब जासूस सिर्फ हनी ट्रैप के जरिए ही नहीं, बल्कि साइबर हमलों और पैसों का लालच देकर भी लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं. वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने दिल्ली में आयोजित ANI नेशनल सिक्योरिटी समिट 3.0 में इस खतरे को लेकर अहम जानकारी दी. उन्होंने कहा कि भारतीय रक्षा उद्योग को हनी ट्रैप के अलावा साइबर जासूसी और अंदरूनी लोगों से भी खतरा है.

हनी ट्रैप ही नहीं, कई तरीकों से होती है जासूसी

रक्षा उद्योग में हनी ट्रैप के खतरे से जुड़े सवाल पर एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित ने कहा कि जासूसी का दायरा अब काफी बढ़ गया है. यह सिर्फ हनी ट्रैप तक सीमित नहीं है, बल्कि साइबर माध्यमों और दूसरे तरीकों से भी लोगों को निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि जासूस लोगों को अलग-अलग तरह के लालच देकर गोपनीय जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं.

मल्टी-लेवल मार्केटिंग और लोन के जाल का भी खतरा

वायुसेना प्रमुख ने कहा कि हनी ट्रैप के अलावा मल्टी-लेवल मार्केटिंग और लोन देने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह भी खतरा पैदा कर रहे हैं. ऐसे तरीकों से लोगों को फंसाकर उनसे जरूरी जानकारी हासिल की जा सकती है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां इन खतरों को लेकर सतर्क हैं और इनसे निपटने के लिए लगातार काम किया जा रहा है.

अंदरूनी लोगों से जासूसी की चुनौती

आशुतोष दीक्षित ने बताया कि भारतीय वायुसेना के नेटवर्क इंटरनेट से अलग रखे जाते हैं, जिन्हें एयर गैप्ड कहा जाता है. ऐसे नेटवर्क पर सीधे साइबर हमले करना आसान नहीं होता. लेकिन इसके बावजूद अंदरूनी लोगों के जरिए गोपनीय जानकारी बाहर जाने का खतरा बना रहता है. इसे देखते हुए सुरक्षा के लिए तकनीकी और संस्थागत स्तर पर कई कदम उठाए गए हैं. इन उपायों में सरकारी रक्षा संस्थानों, DRDO की प्रयोगशालाओं और निजी कंपनियों को भी शामिल किया गया है.

निजी कंपनियों को भी दी जा रही सलाह

वायुसेना प्रमुख ने बताया कि सुरक्षा एजेंसियां निजी क्षेत्र की कंपनियों को भी नेटवर्क और सॉफ्टवेयर के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर सलाह देती हैं. उन्हें बताया जाता है कि अपने सिस्टम को सुरक्षित रखने के लिए किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है. उन्होंने कहा कि अगर कंपनियां इन सुझावों का सही तरीके से पालन करती हैं, तो जासूसी और सुरक्षा से जुड़े ज्यादातर खतरों से बचा जा सकता है.

ये भी पढ़ें- पहली बार महिला पायलट ने उड़ाई पीएम मोदी की फ्लाइट, फिलीपींस दौरे पर रचा इतिहास, सामने आया ATC ऑडियो