प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिलीपींस यात्रा के दौरान भारतीय वायुसेना की एक महिला पायलट ने इतिहास रच दिया. पहली बार प्रधानमंत्री के विशेष विमान को किसी महिला पायलट ने उड़ाया. अब तक पीएम मोदी की विदेश यात्राओं के दौरान उनके विमान की कमान पुरुष पायलटों के हाथ में रही थी. ऐसे में एक महिला पायलट का यह जिम्मा संभालना भारतीय वायुसेना के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
यह विमान भारतीय वायुसेना के प्रेसिडेंशियल फ्लीट का हिस्सा था. इस घटना ने एक बार फिर दिखाया है कि भारतीय महिलाएं सेना और विमानन जैसे क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना रही हैं. हालांकि, भारत के इतिहास में यह पहला मौका नहीं है जब किसी महिला पायलट ने प्रधानमंत्री का विमान उड़ाया हो.
नेहरू के विमान को भी महिला पायलट ने उड़ाया था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के विमान को भी एक महिला पायलट उड़ा चुकी हैं. 1950 के दशक में कैप्टन उषा सुंदरम ने नेहरू के विमान की कमान संभाली थी. उस समय वह एयर इंडिया में पायलट के तौर पर काम करती थीं.
हालांकि, पीएम मोदी के विमान को उड़ाने वाली महिला पायलट भारतीय वायुसेना का हिस्सा हैं. इस लिहाज से यह घटना खास है, क्योंकि भारतीय वायुसेना की महिला पायलट ने पहली बार प्रधानमंत्री के विशेष विमान को उड़ाने की जिम्मेदारी संभाली है.
मनीला ATC से बातचीत का ऑडियो आया सामने
प्रधानमंत्री मोदी की फ्लाइट को महिला पायलट द्वारा उड़ाए जाने की जानकारी मनीला एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) और विमान के कॉकपिट के बीच हुई बातचीत के ऑडियो से सामने आई है. इस विमान का कॉलसाइन INDIA 1 और विमान नंबर K7067 था. यह फ्लाइट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर मनीला पहुंची थी.
INDIA 1 | K7067 Final to Manila, Philippines | Pm Modi Aboard. Convo🔊 | IAF Pilots & MNL ATC First Female Presidential fleet Pilot of the Indian Air Force flying as PM. https://t.co/5IxGAcMtpX
— Chauhan (@PlatypusX9) November 16, 2026
इस घटना के बाद भारतीय वायुसेना में महिलाओं की बढ़ती भूमिका की भी चर्चा हो रही है. महिला पायलट अब केवल सामान्य उड़ानों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लड़ाकू विमानों को उड़ाने की जिम्मेदारी भी संभाल रही हैं.
भारतीय वायुसेना में 130 से ज्यादा महिला पायलट
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय वायुसेना में फिलहाल 130 से ज्यादा महिला पायलट सेवाएं दे रही हैं. वहीं, देश की निजी एयरलाइंस में 3,327 सक्रिय महिला पायलट हैं. महिला पायलटों की संख्या के मामले में भारत दुनिया के प्रमुख देशों में शामिल है.
साल 2016 में वायुसेना ने महिलाओं के लिए फाइटर पायलट बनने का रास्ता खोला था. इसके बाद 20 से ज्यादा महिला फाइटर पायलट वायुसेना में शामिल हो चुकी हैं. ये पायलट राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिग-21 बाइसन और जगुआर जैसे लड़ाकू विमान उड़ा रही हैं.
पीएम मोदी की फ्लाइट को महिला पायलट द्वारा उड़ाया जाना इसी बदलती तस्वीर का एक और उदाहरण है. यह उपलब्धि भारतीय महिलाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और वायुसेना में उनकी मजबूत होती भूमिका को दिखाती है.