U19 एशिया कप में कल भारत और पाकिस्तान आमने-सामने, वैभव सूर्यवंशी का बल्ला उगलेगा आग!

U19 Asia Cup IND vs PAK: अंडर-19 क्रिकेट एशिया कप में रविवार को भारत और पाकिस्तान की जूनियर टीमों के बीच ग्रुप स्टेज का सबसे अहम मुकाबला खेला जाएगा. यह मैच दुबई में आयोजित हो रहा है और इसका असर सीधे ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल पर पड़ेगा.

India and Pakistan U19 Asia Cup Vaibhav Suryavanshi bat will be on fire
Image Source: Social Media

U19 Asia Cup IND vs PAK: अंडर-19 क्रिकेट एशिया कप में रविवार को भारत और पाकिस्तान की जूनियर टीमों के बीच ग्रुप स्टेज का सबसे अहम मुकाबला खेला जाएगा. यह मैच दुबई में आयोजित हो रहा है और इसका असर सीधे ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल पर पड़ेगा. दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की है, ऐसे में यह मुकाबला तय करेगा कि ग्रुप स्टेज के बाद कौन सी टीम टेबल टॉपर बनेगी.

हाल के वर्षों में जूनियर स्तर पर भारत के खिलाफ पाकिस्तान का रिकॉर्ड बेहतर रहा है. अंडर-19 वनडे में पिछले तीन मुकाबलों में पाकिस्तान ने भारत को हराया है. इतना ही नहीं, एमर्जिंग एशिया कप में अंडर-23 टीमों के बीच हुआ पिछला मैच भी पाकिस्तान के नाम रहा था. ऐसे में टीम इंडिया के पास इस मैच में पुराने रिकॉर्ड सुधारने और बढ़त हासिल करने का सुनहरा मौका होगा.

भारत और पाकिस्तान की धमाकेदार शुरुआत

एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) का अंडर-19 एशिया कप 12 दिसंबर से शुरू हुआ. ग्रुप-ए में शामिल भारत और पाकिस्तान दोनों ने अपने पहले मुकाबले जीतकर टूर्नामेंट का आगाज़ किया. भारत ने अपने पहले मैच में UAE का सामना किया. 

टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए युवा वनडे क्रिकेट का अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया. भारतीय टीम ने 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 433 रन बनाए. इस शानदार प्रदर्शन में 14 वर्षीय ओपनर वैभव सूर्यवंशी सबसे बड़े सितारे रहे, जिन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा और 14 छक्कों की मदद से 171 रन बनाए.

उनके अलावा आरोन जॉर्ज और विहान मल्होत्रा ने भी अहम योगदान दिया और दोनों ने 69-69 रन की पारियां खेलीं. विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए UAE की टीम दबाव में नजर आई और पूरी टीम 199 रन पर सिमट गई. भारत ने यह मुकाबला 234 रन के बड़े अंतर से जीत लिया.

पाकिस्तान ने भी दिखाई अपनी ताकत

पाकिस्तान ने भी अपने पहले मैच में मलेशिया के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तानी अंडर-19 टीम ने 345 रन बनाए. इस पारी में समीर मिन्हास और अहमद हुसैन ने शतक जड़ते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.

गेंदबाजी में भी पाकिस्तान ने पूरा दबदबा बनाए रखा. मलेशिया की पूरी टीम केवल 48 रन पर ऑलआउट हो गई. पाकिस्तान की ओर से अली रजा और मोहम्मद सैय्याम ने 3-3 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया. पाकिस्तान ने यह मैच 297 रन के विशाल अंतर से जीत लिया.

ग्रुप टॉपर बनने की जंग

भारत और पाकिस्तान दोनों के पास फिलहाल 2-2 अंक हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण पाकिस्तान ग्रुप-ए की तालिका में शीर्ष स्थान पर है. रविवार को होने वाला मुकाबला जीतने वाली टीम सीधे ग्रुप-ए की टेबल में पहले स्थान पर पहुंच जाएगी.

ग्रुप-बी में श्रीलंका, अफगानिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल की टीमें शामिल हैं. दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी. सेमीफाइनल मुकाबले 19 दिसंबर को खेले जाएंगे, जबकि फाइनल 21 दिसंबर को दुबई में ही आयोजित होगा.

भारत-पाकिस्तान अंडर-19 हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

अंडर-19 वनडे क्रिकेट में भारत को पाकिस्तान के खिलाफ आखिरी जीत फरवरी 2020 में मिली थी. उस समय अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 10 विकेट से हराया था. इसके बाद 2021, 2023 और 2024 में दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मुकाबले खेले गए, और तीनों ही मैच पाकिस्तान ने जीते. ये सभी मुकाबले एशिया कप टूर्नामेंट के दौरान हुए थे.

संभावित प्लेइंग इलेवन

भारत (संभावित): आयुष म्हात्रे (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडु (विकेटकीपर), कनिष्क चौहान, खिलन पटेल, दीपेश देवेंद्रन, किशन सिंह, हेनिल पटेल.

पाकिस्तान (संभावित): उस्मान खान, समीर मिन्हास, अली हसन बलोच, अहमद हुसैन, फरहान यूसुफ (कप्तान), हमजा जहूर (विकेटकीपर), हुजैफा अहसान, निकाब शफीक, दानियाल अली खान, मोहम्मद सैय्याम, अली रजा.

यह भी पढ़ें- यूथ वनडे में भारत का नया रिकॉर्ड, वैभव सूर्यवंशी के दम पर 234 रन से जीता मैच