IND vs AFG: दूसरे वनडे में बदलेगी टीम इंडिया! अफगानिस्तान के खिलाफ 2 नए चेहरों को मिल सकता है मौका

IND vs AFG 2nd ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज अब अपने अहम पड़ाव पर पहुंच चुकी है. धर्मशाला में खेले गए पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम ने सात विकेट से जीत दर्ज की थी. अब दोनों टीमों की नजरें लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाले दूसरे वनडे पर टिकी हैं.

india-afghanistan-second-odi-team-india-possible-playing-xi
Image Source: ANI

IND vs AFG 2nd ODI: भारत और अफगानिस्तान के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज अब अपने अहम पड़ाव पर पहुंच चुकी है. धर्मशाला में खेले गए पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम ने सात विकेट से जीत दर्ज की थी. अब दोनों टीमों की नजरें लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाले दूसरे वनडे पर टिकी हैं. यह मुकाबला बुधवार, 17 जून को खेला जाएगा और टीम इंडिया के पास सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने का सुनहरा मौका होगा. वहीं, टीम मैनेजमेंट इस मैच में कुछ नए प्रयोग करते हुए प्लेइंग इलेवन में बदलाव कर सकता है.

दूसरे वनडे में दिख सकते हैं दो बड़े बदलाव

रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय टीम दूसरे वनडे में दो बदलावों के साथ मैदान पर उतर सकती है. टीम मैनेजमेंट अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न संयोजनों को आजमाने के मूड में है. इसी रणनीति के तहत स्पिनर कुलदीप यादव और युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है.

भारत ने धर्मशाला में बारिश से प्रभावित पहले मुकाबले में आसान जीत दर्ज करते हुए सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. ऐसे में यदि टीम इंडिया लखनऊ में भी जीत दर्ज कर लेती है तो वह सीरीज पर कब्जा जमाने के साथ अजेय बढ़त बना लेगी. विश्व कप से पहले भारत को करीब दो दर्जन वनडे मैच खेलने हैं और टीम प्रबंधन लगातार खिलाड़ियों को परखने की योजना पर काम कर रहा है.

अलग-अलग संयोजनों पर फोकस

पहले मैच से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने स्पष्ट कर दिया था कि टीम का प्रमुख लक्ष्य विभिन्न संयोजनों को आजमाना है. उन्होंने कहा था, "हमारा सारा ध्यान अलग-अलग संयोजन आजमाने और यह देखने पर है कि हमारे लिए वास्तव में क्या कारगर साबित होगा." कप्तान के इस बयान से साफ है कि दूसरे वनडे में टीम संयोजन में बदलाव देखने को मिल सकते हैं. चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन की नजर विश्व कप की तैयारियों पर है और इसी वजह से खिलाड़ियों को रोटेट करने की रणनीति अपनाई जा रही है.

कुलदीप यादव को मिल सकता है मौका

हाल के महीनों में कुलदीप यादव का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है, लेकिन उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें एक और मौका दिया जा सकता है. कुलदीप लंबे समय से भारतीय वनडे टीम का हिस्सा रहे हैं और बीच के ओवरों में विकेट निकालने के साथ रन गति पर नियंत्रण रखने की क्षमता रखते हैं. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में नियमित रूप से खेला था, लेकिन उसके बाद उनके प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली. इसके बावजूद टीम मैनेजमेंट उनके अनुभव को नजरअंदाज नहीं करना चाहता और उन्हें लखनऊ में खेलने का अवसर मिल सकता है.

कुलदीप के लिए हर्ष दुबे की बन सकती है जगह

भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ऑलराउंडर खिलाड़ियों को विशेष प्राथमिकता देते हैं. वह ऐसे खिलाड़ियों को ज्यादा महत्व देते हैं जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में योगदान दे सकें. इसी वजह से स्पिन ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर की टीम में जगह लगभग तय मानी जा रही है. यदि ऐसा होता है तो पिछले मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले हर्ष दुबे को बाहर बैठना पड़ सकता है. हालांकि हर्ष ने अपने पहले ही मैच में तीन विकेट लेकर प्रभावित किया था, लेकिन टीम संयोजन को संतुलित रखने के लिए कुलदीप यादव को उनके स्थान पर मौका दिया जा सकता है.

तेज गेंदबाजी विभाग में बदलाव की संभावना कम

पहले वनडे में भारतीय गेंदबाजों ने बेहद अनुशासित प्रदर्शन किया था और टीम इसी लय को बरकरार रखना चाहेगी. तेज गेंदबाजी विभाग में डेब्यू करने वाले गुरनूर बरार ने भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया था. ऐसे में उन्हें एक और मैच खेलने का अवसर मिलने की संभावना है. दूसरी ओर आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले प्रिंस यादव को अभी अपनी बारी का इंतजार करना पड़ सकता है. मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए टीम प्रबंधन तेज गेंदबाजी इकाई में ज्यादा बदलाव करने के पक्ष में नजर नहीं आ रहा है.

वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया- शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, कुलदीप यादव, नितीश कुमार रेड्डी, प्रसिद्ध कृष्णा, श्रेयस अय्यर, रोहित शर्मा, हार्दिक पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, ईशान किशन, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार और प्रिंस यादव.

ये भी पढ़ृें: बस 10 रन और इतिहास रच देंगे रोहित शर्मा, वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ बन जाएंगे नंबर-1