IND vs SA: शुभमन गिल की जगह रांची में ये बल्लेबाज कर सकता है ओपनिंग, जानें टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग 11

Team India Playing 11 Vs SA: भारतीय क्रिकेट टीम एक बार फिर सीमित ओवरों की चुनौती के लिए मैदान में उतरने को तैयार है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज कई मायनों में खास रहने वाली है.

IND vs SA Yashasvi Jaiswal Ranchi in place of Shubman Gill possible playing 11 of Team India
Image Source: ANI/ File

Team India Playing 11 Vs SA: भारतीय क्रिकेट टीम एक बार फिर सीमित ओवरों की चुनौती के लिए मैदान में उतरने को तैयार है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज कई मायनों में खास रहने वाली है. रविवार, 30 नवंबर से रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले पहले मैच के साथ यह सीरीज न केवल टीम इंडिया के संयोजन की परीक्षा होगी, बल्कि कई युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का मौका भी लेकर आएगी.

शुभमन गिल के अनुपस्थित रहने के कारण नेतृत्व की बागडोर इस बार अनुभवी बल्लेबाज़ और भरोसेमंद विकेटकीपर केएल राहुल के हाथों में होगी. राहुल के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी, अनुभव और युवा जोश के बीच सही संतुलन स्थापित करना.

क्या यशस्वी जायसवाल पाएंगे मौका?

गिल की जगह ओपनिंग में दो विकल्प मौजूद हैं, यशस्वी जायसवाल और रुतुराज गायकवाड़. दोनों ही युवा बल्लेबाज अपनी शानदार तकनीक और स्ट्राइक रेट के लिए जाने जाते हैं, लेकिन टीम मैनेजमेंट की सोच इस बार कुछ अलग दिख सकती है.

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज जहाँ स्थिरता लाते हैं, वहीं जायसवाल का आक्रामक अंदाज शुरुआती ओवर्स में विपक्ष के लिए सिरदर्द बन सकता है. यही वजह है कि पहले मुकाबले में जायसवाल को प्राथमिकता मिलने की उम्मीद काफी अधिक है.

यशस्वी भले ही भारत के लिए अब तक केवल एक वनडे खेल पाए हों, लेकिन उनकी प्रतिभा किसी से छिपी नहीं है. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्हें मौका नहीं मिला, मगर ड्रेसिंग रूम का अनुभव और हालिया फॉर्म उन्हें एक मजबूत दावेदार बनाता है.

कोहली का तीसरा नंबर निश्चित, पर चौथे स्थान की जंग दिलचस्प

विराट कोहली, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में दो बार बिना खाता खोले पवेलियन का रास्ता देखा था, तीसरे मैच में शानदार अर्धशतक लगाकर अपनी क्लास का फिर सबूत दे गए. उनसे हमेशा की तरह इस सीरीज में भी तीसरे नंबर पर मजबूती प्रदान करने की उम्मीद की जाएगी. लेकिन असली सवाल है कि चौथे नंबर पर कौन? श्रेयस अय्यर उपलब्ध नहीं हैं, ऐसे में टीम मैनेजमेंट के सामने दो विकल्प हैं, ऋषभ पंत और तिलक वर्मा. 

पंत और तिलक, दोनों ने ही इस साल वनडे क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन दोनों के पास मैच विजेता बनने की क्षमता है. फिर भी तिलक वर्मा का पलड़ा इस समय भारी दिख रहा है. साउथ अफ्रीका ए के खिलाफ अनऑफिशियल वनडे सीरीज में वह इंडिया ए की कप्तानी कर चुके हैं और शानदार फॉर्म में भी रहे हैं. उन्हें नंबर चार पर उतार कर टीम एक बाएँ हाथ का विकल्प भी प्राप्त कर सकती है.

मिडिल ऑर्डर में राहुल की वापसी और ऑलराउंडरों पर उम्मीदें

कप्तान केएल राहुल पाँचवें नंबर पर बल्लेबाज़ी करेंगे, जहाँ उनका अनुभव टीम के लिए बेहद अहम साबित होगा. उनके बाद मिडिल और लोअर-मिडिल ऑर्डर में भारत तीन ऑलराउंडरों रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी के साथ उतर सकता है. ये तीनों खिलाड़ी न केवल रन बना सकते हैं बल्कि मुश्किल हालात में टीम के लिए जरूरत के विकेट भी निकाल सकते हैं.

युवा तेज़ गेंदबाजों पर भरोसा

तेज गेंदबाजी में हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह की जोड़ी टीम इंडिया की तेज़ी और स्विंग दोनों ही तरह की जरूरतों को पूरा करती है. प्रसिद्ध कृष्णा स्क्वॉड में जरूर शामिल हैं, लेकिन पहले मुकाबले में उन्हें मौका मिलने की संभावना कम है.

स्पिन विभाग में कुलदीप यादव की वापसी टीम के लिए राहत लेकर आएगी. ऑस्ट्रेलिया में उन्हें सिर्फ एक मैच मिला, मगर यहाँ उनसे पूरी सीरीज खेलने की उम्मीद है. उनकी कलाई की जादूगरी रांची की पिच पर कारगर साबित हो सकती है.

पहले वनडे के लिए भारत की संभावित प्लेइंग XI

  1. रोहित शर्मा
  2. यशस्वी जायसवाल
  3. विराट कोहली
  4. तिलक वर्मा
  5. केएल राहुल (कप्तान एवं विकेटकीपर)
  6. वाशिंगटन सुंदर
  7. रवींद्र जडेजा
  8. नीतीश कुमार रेड्डी
  9. हर्षित राणा
  10. कुलदीप यादव
  11. अर्शदीप सिंह

यह भी पढे़ं- आख़िर ये थर्ड वर्ल्ड के देश हैं कौन, जिन पर बुरी तरह भड़के अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप? जानें तीसरी दुनिया के देशों की कहानी