IND vs NZ: भारतीय क्रिकेट टीम इस समय एशियन गेम्स के लिए जापान रवाना हो रही है. इसी दौरान वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज भी शुरू हो जाएगी. इसके बाद टीम इंडिया अक्टूबर-नवंबर में न्यूजीलैंड दौरे पर जाएगी. इस दौरे पर भारत को 5 वनडे, 5 टी20 और 2 टेस्ट मैच खेलने हैं.
हालांकि, न्यूजीलैंड दौरे का शेड्यूल टीम इंडिया के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, सीरीज के बीच में ही कप्तान बदलने की नौबत आ सकती है.
न्यूजीलैंड दौरे के शेड्यूल से बढ़ी टेंशन
भारत का न्यूजीलैंड दौरा अक्टूबर के तीसरे हफ्ते से शुरू होगा. 22 अक्टूबर से 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी, जिसमें टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर के पास होगी. इसके बाद 4 नवंबर से 5 मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी. वनडे टीम की कमान शुभमन गिल संभालेंगे.
लेकिन गिल को वनडे सीरीज के बीच से ही बाहर होना पड़ सकता है. इसकी वजह उनका कोई निजी कारण नहीं, बल्कि वनडे और टेस्ट सीरीज के बीच मिलने वाला बेहद कम समय है.
रिपोर्ट के मुताबिक, वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 15 नवंबर को होगा, जबकि पहला टेस्ट 19 नवंबर से शुरू होना है. दोनों के बीच सिर्फ तीन दिन का अंतर है. ऐसे में टेस्ट टीम में शामिल खिलाड़ियों को आराम के साथ रेड बॉल क्रिकेट की तैयारी के लिए भी समय चाहिए होगा.
गिल समेत कई बड़े खिलाड़ी छोड़ सकते हैं आखिरी मैच
शुभमन गिल के अलावा जसप्रीत बुमराह, केएल राहुल और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ी भी वनडे और टेस्ट दोनों टीमों का हिस्सा हो सकते हैं. ऐसे में इन खिलाड़ियों के लिए टेस्ट से पहले पर्याप्त आराम और अभ्यास जरूरी होगा.
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसी वजह से गिल समेत कुछ टेस्ट खिलाड़ी वनडे सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों से बाहर हो सकते हैं. ये खिलाड़ी न्यूजीलैंड की परिस्थितियों में टेस्ट क्रिकेट की तैयारी के लिए पहले ही वहां रुक सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो आखिरी दो वनडे मैचों में श्रेयस अय्यर टीम की कप्तानी कर सकते हैं.
न्यूजीलैंड में टेस्ट सीरीज गिल और दूसरे टेस्ट खिलाड़ियों के लिए अहम होगी. गिल पहले ही टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिए जाने की जरूरत की बात कह चुके हैं.
सिर्फ खिलाड़ियों को लेकर ही बदलाव नहीं होगा, बल्कि कोचिंग स्टाफ भी अलग-अलग टीमों के साथ बंट सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, हेड कोच गौतम गंभीर तीसरे वनडे के बाद टेस्ट टीम से जुड़ जाएंगे. उनके साथ फील्डिंग कोच सुभादीप, बैटिंग कोच सितांशु कोटक और बॉलिंग कोच मोर्ने मॉर्कल में से कोई एक कोच जा सकता है. वहीं बाकी दो असिस्टेंट कोच वनडे सीरीज खत्म होने तक वनडे टीम के साथ रहेंगे.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान सीमा से कुछ दूरी पर गरजा M777 होवित्जर तोप, भारत-यूएस के सैनिकों ने दिखाई ताकत, VIDEO