देशभर में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, दिल्ली समेत 26 राज्यों में IMD का अलर्ट, जानें कल कैसा रहेगा मौसम

Weather Update: देशभर में मॉनसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के कई राज्यों तक लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है.

imd-rain-alert-india-delhi-up-rajasthan-weather-forecast-august
Image Source: ANI

Weather Update: देशभर में मॉनसून एक बार फिर पूरी ताकत के साथ सक्रिय हो गया है. दिल्ली-एनसीआर से लेकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के कई राज्यों तक लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. कई शहरों में जलभराव, ट्रैफिक जाम और बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिल रही है. इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 8 अगस्त के लिए बड़ा पूर्वानुमान जारी करते हुए देश के 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट घोषित किया है.

दिल्ली-एनसीआर में रेड अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह से ही लगातार बारिश का दौर जारी है, जिससे कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं. मौसम विभाग ने शनिवार के लिए भी राजधानी में रेड अलर्ट जारी किया है. आईएमडी के अनुसार अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है और सुबह से रात तक अलग-अलग इलाकों में हल्की, मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश देखने को मिल सकती है.

यूपी और राजस्थान में भी भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश में 8 से 10 अगस्त के बीच कई स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी व्यापक वर्षा का अनुमान है. दूसरी ओर राजस्थान में सक्रिय मॉनसून के चलते जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कई हिस्सों में बारिश तेज होने के आसार हैं. आईएमडी ने 9 अगस्त तक कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में अति भारी वर्षा की चेतावनी भी जारी की है.

बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का असर रहेगा जारी

बिहार में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है. मौसम विभाग का कहना है कि 8 अगस्त को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 10 से 13 अगस्त के बीच भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. वहीं असम और केरल जैसे राज्यों में पहले से ही बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है, जिससे राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं.

कई मौसम प्रणालियां बनीं भारी बारिश की वजह

आईएमडी के अनुसार उत्तर भारत और आसपास के क्षेत्रों में एक साथ कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिसके कारण व्यापक और लगातार बारिश हो रही है. इन परिस्थितियों की वजह से आने वाले दिनों में भी वर्षा का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव, स्थानीय बाढ़, भूस्खलन और ट्रैफिक बाधित होने की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचना चाहिए और स्थानीय प्रशासन व मौसम विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करना चाहिए. जिन क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, वहां रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है. अगले कुछ दिनों तक मॉनसून के सक्रिय रहने के संकेत हैं, इसलिए ताजा मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखना बेहद जरूरी होगा.

इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

ऑरेंज अलर्ट: ओडिशा, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, तटीय कर्नाटक, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, केरल

येलो अलर्ट: हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ (महाराष्ट्र), झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, गोवा और आंध्र प्रदेश

ये भी पढ़ें: खुद अमेरिका भी... FCRA बिल पर अमेरिकी सांसद की टिप्पणी पर भारत का करारा जवाब, जानें क्या कहा