नई दिल्ली: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंक के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए ऑपरेशन सिंदूर चलाया. इस अभियान में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में मौजूद कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया. इसके बाद दोनों देशों के बीच कई दिनों तक सैन्य तनाव भी देखने को मिला. इस पूरे घटनाक्रम ने भारत को साफ संकेत दिया कि भविष्य के खतरे पहले से ज्यादा बड़े और आधुनिक हो सकते हैं. यही वजह है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत ने अपनी सैन्य तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है.
15 महीने में 15 बड़े हथियारों का परीक्षण
मई 2025 से अगस्त 2026 के बीच भारत ने करीब 15 बड़े हथियारों और रक्षा प्रणालियों का सफल परीक्षण किया. यानी लगभग हर महीने एक नया परीक्षण हुआ. इससे पहले जनवरी 2024 से अप्रैल 2025 के बीच करीब 12 बड़े परीक्षण किए गए थे. इससे साफ है कि अब सिर्फ नई तकनीक विकसित करने पर ही नहीं, बल्कि उसे जल्द से जल्द सेना के लिए तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है.
सरकार, भारतीय सेना और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) अब ऐसे हथियारों पर तेजी से काम कर रहे हैं, जो भविष्य के युद्ध में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं.
ऑपरेशन सिंदूर के बाद क्यों बदली रणनीति?
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आधुनिक हथियारों की अहमियत साफ दिखाई दी. ड्रोन, लंबी दूरी की मिसाइलें, एयर डिफेंस सिस्टम और सटीक हमला करने वाली तकनीक ने युद्ध का तरीका बदल दिया. पाकिस्तान ने भी ड्रोन और मिसाइलों के जरिए दबाव बनाने की कोशिश की.
इसी अनुभव के बाद भारत ने एयर डिफेंस सिस्टम, लंबी दूरी की मिसाइलों और आधुनिक हथियारों के विकास पर पहले से ज्यादा ध्यान देना शुरू कर दिया. लक्ष्य साफ है—किसी भी खतरे का जवाब तेज, सटीक और मजबूत तरीके से देना.
किन-किन हथियारों का हुआ परीक्षण?
पिछले 15 महीनों में भारत ने कई अहम रक्षा प्रणालियों का सफल परीक्षण किया.
सबसे पहले एंटी-स्वॉर्म ड्रोन सिस्टम का परीक्षण किया गया, जो एक साथ आने वाले कई ड्रोन को नष्ट करने में सक्षम है.
इसके बाद 5,000 किलोमीटर से ज्यादा मार करने वाली अग्नि-5 मिसाइल का सफल परीक्षण हुआ.
दिसंबर 2025 में आकाश-एनजी एयर डिफेंस सिस्टम और पनडुब्बी से दागी जाने वाली के-4 बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया गया.
फरवरी 2026 में प्रोजेक्ट कुशा के पहले इंटरसेप्टर ने उड़ान भरी. इसे भारत का स्वदेशी लंबी दूरी का एयर डिफेंस सिस्टम माना जा रहा है.
मई 2026 में अग्नि-5 के MIRV संस्करण का परीक्षण बड़ी उपलब्धि माना गया. इस तकनीक की मदद से एक ही मिसाइल कई अलग-अलग लक्ष्यों पर हमला कर सकती है.
इसके बाद जून में 1,000 किलोमीटर तक मार करने वाली स्वदेशी लॉन्ग रेंज लैंड अटैक क्रूज मिसाइल का परीक्षण हुआ.
जुलाई में प्रोजेक्ट कुशा के इंटरसेप्टर ने अपने लक्ष्य को सफलतापूर्वक नष्ट किया, जबकि अगस्त 2026 में अग्नि-4 का सफल यूजर ट्रायल पूरा किया गया.
ऑपरेशन सिंदूर से पहले भी जारी थी तैयारी
ऑपरेशन सिंदूर से पहले भी भारत लगातार नई रक्षा तकनीकों पर काम कर रहा था. जनवरी 2024 से अप्रैल 2025 के बीच मिशन दिव्यास्त्र के तहत अग्नि-5 के MIRV संस्करण का पहला परीक्षण किया गया. इसी दौरान भारत ने हाइपरसोनिक हथियारों के क्षेत्र में भी बड़ी सफलता हासिल की.
रुद्रम-2, अग्नि-प्राइम, आकाश-एनजी, वीएसएचओआरएडीएस, एमआरएसएएम और बैलिस्टिक मिसाइल डिफेंस इंटरसेप्टर जैसी कई आधुनिक प्रणालियों का भी सफल परीक्षण किया गया. हालांकि उस समय इनका उद्देश्य नई तकनीक को विकसित करना था, जबकि अब इन प्रणालियों को तेजी से सेना में शामिल करने पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है.
भविष्य के युद्ध की कैसी तैयारी कर रहा है भारत?
इन सभी परीक्षणों को देखें तो भारत की तैयारी तीन बड़े लक्ष्यों पर केंद्रित दिखाई देती है.
पहला लक्ष्य मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम तैयार करना है. इसके लिए प्रोजेक्ट कुशा, आकाश-एनजी, एमआरएसएएम और एंटी-ड्रोन सिस्टम जैसे हथियार विकसित किए जा रहे हैं, ताकि दुश्मन की मिसाइल, ड्रोन या लड़ाकू विमान सीमा पार करने से पहले ही रोके जा सकें.
दूसरा लक्ष्य लंबी दूरी तक सटीक हमला करने की क्षमता बढ़ाना है. अग्नि-4, अग्नि-5, MIRV तकनीक और लॉन्ग रेंज क्रूज मिसाइल इसी रणनीति का हिस्सा हैं. इनकी मदद से जरूरत पड़ने पर हजारों किलोमीटर दूर मौजूद अहम सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा सकता है.
तीसरा लक्ष्य भविष्य के हाई-टेक युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार होना है. आधुनिक युद्ध में ड्रोन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, हाइपरसोनिक हथियार और मल्टी-लेयर एयर डिफेंस की भूमिका लगातार बढ़ रही है. भारत भी इन सभी क्षेत्रों में तेजी से स्वदेशी तकनीक विकसित कर रहा है, ताकि भविष्य में किसी भी संघर्ष के दौरान विदेशी तकनीक पर निर्भरता कम रहे और देश अपनी ताकत के दम पर हर चुनौती का सामना कर सके.
ये भी पढ़ें- चीन, पाकिस्तान से लेकर तुर्की तक... कितने देशों तक पहुंच सकती है भारत की अग्नि-4 मिसाइल? देखिए रेंज