IIT Delhi Student Suicide: आईआईटी दिल्ली के एक छात्र की शनिवार को मौत हो गई. बताया जा रहा है कि छात्र ने कैंपस में स्थित एक इमारत से छलांग लगा दी थी. घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया.
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. फिलहाल छात्र की मौत की वजह साफ नहीं हो पाई है. पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
कैंपस के बाहर मां के साथ रह रहा था छात्र
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 31 वर्षीय ऋषिकेश कुमार के रूप में हुई है. वह एमएससी फिजिक्स के दूसरे वर्ष का छात्र था और बिहार का रहने वाला था. ऋषिकेश पहले शिवालिक हॉस्टल में रहता था, लेकिन फिलहाल अपनी मां के साथ आईआईटी दिल्ली कैंपस के बाहर रह रहा था.
पुलिस को यह भी पता चला है कि वह पहले विमहंस अस्पताल में भर्ती रह चुका था. पुलिस के अनुसार, छात्र आईआईटी कैंपस में स्थित लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल पर गया था. इसके बाद वह इमारत से नीचे गिर गया.
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8:33 बजे किशनगढ़ थाने को पीसीआर कॉल मिली थी. इसमें आईआईटी दिल्ली कैंपस में एक छात्र के इमारत से गिरने की जानकारी दी गई थी.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. छात्र को कैंपस के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए.
सुबह कैंपस में दाखिल हुआ था
अब तक की जांच में सामने आया है कि छात्र सुबह करीब 8 बजे आईआईटी दिल्ली के मुख्य गेट से कैंपस में दाखिल हुआ था. इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स पहुंचा और लिफ्ट से छठी मंजिल पर गया. पुलिस के मुताबिक, छात्र के शरीर पर गिरने से लगी चोटों के अलावा कोई अन्य संदिग्ध निशान नहीं मिला है. मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ.
छात्र के पास से उसका मोबाइल फोन मिला है. पुलिस फोन में मौजूद संदेशों और दूसरी जानकारी की जांच कर रही है, ताकि घटना की वजह का पता लगाया जा सके. पुलिस ने संस्थान से छात्र से जुड़े काउंसलिंग रिकॉर्ड और दूसरी जरूरी जानकारी भी मांगी है. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों की पुष्टि कर रही है.
ये भी पढ़ें- दिल्ली सरकार का महिलाओं के बड़ा तोहफा, लक्ष्मी योजना की तारीख तय; खाते में कब आएंगे 2,500 रुपये?