दिल्ली सरकार का महिलाओं के बड़ा तोहफा, लक्ष्मी योजना की तारीख तय; खाते में कब आएंगे 2,500 रुपये?

महंगाई के बीच दिल्ली की महिलाओं के लिए राहत की खबर है. दिल्ली सरकार की ‘लक्ष्मी योजना 2026’ जल्द शुरू होने वाली है. योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खाते में हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी.

Delhi government date set for the Lakshmi Yojana when will be credited to accounts
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

नई दिल्ली: महंगाई के बीच दिल्ली की महिलाओं के लिए राहत की खबर है. दिल्ली सरकार की ‘लक्ष्मी योजना 2026’ जल्द शुरू होने वाली है. योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खाते में हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 18 अगस्त को दिल्ली सचिवालय में हुई बैठक के बाद योजना के अगले चरण की जानकारी दी. सरकार का मकसद महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है. एक अगस्त से आवेदन शुरू होने के बाद अब आवेदनों की जांच की जा रही है.

26 अगस्त से मिलना शुरू होगा स्वीकृति पत्र

आवेदन के बाद अब लाभार्थियों के सत्यापन का काम चल रहा है. अधिकारियों को आवेदनों की जांच के निर्देश दिए गए हैं. जिन महिलाओं के आवेदन सही पाए जाएंगे, उन्हें 26 अगस्त से स्वीकृति पत्र मिलना शुरू हो जाएगा.

स्वीकृति पत्र मिलने के बाद भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. सरकार के मुताबिक, 1 सितंबर से सत्यापित बैंक खातों में 2,500 रुपये की पहली किस्त भेजने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. योजना में भुगतान की व्यवस्था डिजिटल रखी गई है, ताकि पैसा सीधे लाभार्थी के खाते तक पहुंचे.

किन महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ?

लक्ष्मी योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें पूरी करना जरूरी है. आवेदन करने वाली महिला की उम्र 21 से 60 साल के बीच होनी चाहिए. इसके साथ ही उसका दिल्ली में कम से कम 10 साल से रहना जरूरी है.

अगर महिला के परिवार में कोई सरकारी कर्मचारी, पेंशनभोगी या आयकरदाता है तो उसे योजना का लाभ नहीं मिलेगा. इसके अलावा किसी दूसरी सरकारी योजना का नियमित लाभ लेने वाली महिलाएं भी इसके दायरे से बाहर होंगी.

जिन परिवारों के पास चार पहिया वाहन है, उनके आवेदन भी स्वीकार नहीं किए जाएंगे. हालांकि, इलेक्ट्रिक वाहन रखने वाले परिवारों को इस नियम से छूट दी गई है.

पैसे पाने के लिए मिलेंगे दो विकल्प

योजना में महिलाओं को 2,500 रुपये पाने के लिए दो विकल्प दिए गए हैं. पहले विकल्प में 1,000 रुपये रोजमर्रा की जरूरतों के लिए सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी यानी सीबीडीसी वॉलेट में दिए जाएंगे. बाकी 1,500 रुपये आरडी या एफडी खाते में जमा किए जाएंगे.

दूसरे विकल्प में महिलाएं पूरी 2,500 रुपये की राशि आरडी या एफडी में जमा करा सकती हैं. यह विकल्प उन महिलाओं के लिए है जो अभी पैसे खर्च करने के बजाय भविष्य के लिए बचत करना चाहती हैं.

ये भी पढ़ें- सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा होगी और मजबूत, अमित शाह ने बताया 'त्रिकोणीय सुरक्षा ग्रिड' का पूरा प्लान