अगर अमेरिका जीता 2026 FIFA World Cup, तो चांद पर पहुंचेगी फुटबॉल... NASA ने किया ऐलान, जानें प्लान

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA ने 2026 FIFA World Cup को लेकर एक अनोखी बात कही है.

If the USA wins the 2026 FIFA World Cup football will reach the moon NASA announcement
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी NASA ने 2026 FIFA World Cup को लेकर एक अनोखी बात कही है. NASA के प्रमुख जारेड आइजैकमैन ने कहा कि अगर अमेरिका की पुरुष फुटबॉल टीम वर्ल्ड कप जीतती है, तो NASA फुटबॉल को चांद तक भेजने की कोशिश करेगा.

NASA इस समय चांद पर इंसानी बेस बनाने की योजना पर काम कर रहा है. इसी से जुड़े एक कार्यक्रम में जारेड आइजैकमैन ने कहा कि अगर अमेरिका वर्ल्ड कप जीतता है, तो यह जीत खास तरीके से यादगार बनाई जाएगी.

उन्होंने कहा कि 1971 में अपोलो-14 मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्री एलन शेपर्ड ने चांद पर गोल्फ खेलकर इतिहास बनाया था. अब NASA उससे एक कदम आगे बढ़ना चाहता है.

पहले भी अंतरिक्ष में भेजी जा चुकी है फुटबॉल

NASA ने 2026 FIFA World Cup के मौके पर एक आधिकारिक फुटबॉल पहले ही अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) भेज दी है. अब अगला लक्ष्य उसी फुटबॉल को चांद तक पहुंचाना है.

एलन शेपर्ड ने बनाया था इतिहास

एलन शेपर्ड चांद पर कदम रखने वाले दुनिया के पांचवें इंसान थे. अपोलो-14 मिशन के दौरान उन्होंने चुपचाप अपने साथ एक छोटा गोल्फ क्लब और दो गोल्फ बॉल ले गए थे. चांद पर उन्होंने दो शॉट लगाए थे. वहां गुरुत्वाकर्षण कम होने की वजह से गेंद पृथ्वी की तुलना में काफी दूर तक गई थी. यह अंतरिक्ष इतिहास की सबसे यादगार घटनाओं में गिनी जाती है.

जीत मिली तो मिशन में मिलेगी जगह

NASA के मून बेस कार्यक्रम के प्रबंधक कार्लोस गार्सिया-गालन ने भी इस योजना की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि अगर अमेरिकी टीम वर्ल्ड कप जीतती है, तो चांद पर जाने वाले मिशन में फुटबॉल के लिए भी जगह बनाई जाएगी.

हालांकि उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अब सब कुछ अमेरिकी पुरुष फुटबॉल टीम के प्रदर्शन पर निर्भर करता है. अगर टीम ट्रॉफी जीतती है, तो फुटबॉल भी चांद तक पहुंचकर नया इतिहास बना सकती है.

ये भी पढ़ें- अमरनाथ यात्रा पर हमले की साजिश रच रहा पाकिस्तान! ड्रोन से हथियार गिराने की आशंका, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट