हूतियों ने मोखा पोर्ट पर किया कब्जा, सऊदी सैनिकों से छीनी बख्तरबंद गाड़ी, पाकिस्तान करेगा हमला?

यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के रणनीतिक बंदरगाह मोखा पोर्ट पर कब्जा कर लिया है. अंसार अल्लाह के नाम से भी पहचाने जाने वाले इस गुट की इस बढ़त को मिडिल ईस्ट की जंग में बड़ा बदलाव माना जा रहा है.

Houthis capture Mokha Port seize armored vehicle from Saudi troops
Image Source: Social Media

रियाद/सना: यमन के हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के रणनीतिक बंदरगाह मोखा पोर्ट पर कब्जा कर लिया है. अंसार अल्लाह के नाम से भी पहचाने जाने वाले इस गुट की इस बढ़त को मिडिल ईस्ट की जंग में बड़ा बदलाव माना जा रहा है. सऊदी अरब की मुश्किलें इसलिए भी बढ़ गई हैं क्योंकि पाकिस्तान ने डिफेंस पैक्ट होने के बावजूद फिलहाल उसकी सैन्य मदद से दूरी बना ली है. मोखा पर कब्जे के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें एक हूती लड़ाका सऊदी सेना से छीने गए अमेरिकी MRAP बख्तरबंद वाहन के साथ नजर आ रहा है.

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सऊदी अरब को लेकर कई तरह की टिप्पणियां की जा रही हैं. कुछ यूजर्स अमेरिकी टैक्सपेयर्स के पैसे का जिक्र करते हुए हूतियों के हथियारों और सैन्य सामान बढ़ने पर तंज कस रहे हैं.

रणनीतिक मोखा पोर्ट पर हूतियों का कब्जा

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, सैन्य सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हूती विद्रोहियों ने सऊदी समर्थित सरकार की सेनाओं से लाल सागर के अहम बंदरगाह शहर मोखा पर नियंत्रण हासिल कर लिया है. इस कब्जे के बाद ईरान समर्थित हूती बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य से करीब 75 किलोमीटर दूर रह गए हैं. यह जलडमरूमध्य एशिया और यूरोप को जोड़ने वाले अहम समुद्री व्यापार मार्ग का दक्षिणी प्रवेश द्वार है.

हूतियों का कहना है कि वे अंतरराष्ट्रीय शिपिंग के लिए खतरा नहीं हैं, लेकिन उन्होंने सऊदी अरब के जहाजों को निशाना बनाने की अपनी धमकी दोहराई है. होर्मुज जलडमरूमध्य में तनाव के बीच सऊदी अरब के लिए लाल सागर का रास्ता और भी महत्वपूर्ण हो गया है. हूतियों, यमन की सरकार और सऊदी अरब के बीच बढ़ते संघर्ष का असर तेल बाजार पर भी पड़ा है.

सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने सरकार समर्थक सेनाओं की मदद के लिए पश्चिमी यमन में हूती नियंत्रण वाले इलाकों पर हवाई हमले किए हैं. इसके जवाब में हूतियों ने दक्षिणी सऊदी अरब के शहरों और तेल ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं.