Diwali Holiday: दीपावली सिर्फ भारत की सांस्कृतिक पहचान ही नहीं, बल्कि एक वैश्विक उत्सव बन चुका है. दुनिया भर में फैले भारतीय प्रवासियों के कारण यह पर्व अब कई देशों में बड़े उत्साह और विधि-विधान के साथ मनाया जाता है. इतना ही नहीं, कुछ देशों की सरकारें भी दिवाली को आधिकारिक छुट्टी घोषित कर इसे मान्यता देने लगी हैं. यह सिर्फ भारतीय समुदाय के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए एक सांस्कृतिक पुल का काम कर रहा है. आइए जानते हैं कि दुनिया के किन-किन हिस्सों में दिवाली को विशेष महत्व मिलता है और वह छुट्टी के रूप में भी मनाई जाती है.
अमेरिका में दिवाली को मिल रही नई पहचान
अमेरिका में भारतीय समुदाय की संख्या तेजी से बढ़ रही है, और इसके साथ ही दिवाली की चमक भी वहां के सामाजिक और प्रशासनिक स्तर पर दिखने लगी है. कैलिफोर्निया ने हाल ही में ऐतिहासिक फैसला लेते हुए दिवाली को आधिकारिक राज्य अवकाश घोषित किया. सितंबर 2025 में गवर्नर गेविन न्यूजम ने Assembly Bill 268 पर हस्ताक्षर कर इसे कानून की शक्ल दी. अब सरकारी दफ्तर, स्कूल और कॉलेज इस दिन बंद रहेंगे. इससे पहले पेंसिलवेनिया और न्यूयॉर्क जैसे राज्यों ने भी दिवाली पर छुट्टी घोषित की है.
पेंसिलवेनिया और न्यूयॉर्क में दिवाली की रंगत
पेंसिलवेनिया पहला ऐसा राज्य था जिसने 2024 में दिवाली को सरकारी छुट्टी के रूप में मान्यता दी. गवर्नर जोश शापिरो के हस्ताक्षर के बाद लगभग दो लाख दक्षिण एशियाई निवासियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण दिन बन गया. न्यूयॉर्क में भी मेयर एरिक एडम्स ने दिवाली के दिन स्कूलों को बंद करने की घोषणा की है. यहां दिवाली पर बड़े पैमाने पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं और पूरे शहर में दीपों की रौनक देखने को मिलती है.
कनेक्टिकट में भी बढ़ रहा है दिवाली का उत्साह
2025 में कनेक्टिकट ने दिवाली को आधिकारिक छुट्टी घोषित किया. इस राज्य में भारतीय समुदाय की सक्रियता और सांस्कृतिक भागीदारी ने इस फैसले को संभव बनाया. इसके अलावा, व्हाइट हाउस में भी दिवाली समारोह होते हैं, जहां राष्ट्रपति भारतीय समुदाय को शुभकामनाएं देते हैं और दीप जलाते हैं, जो इस त्योहार की वैश्विक पहुंच को दर्शाता है.
एशिया के देश भी दिवाली को देते हैं मान्यता
सिंगापुर में दिवाली को आधिकारिक सार्वजनिक अवकाश माना जाता है. खासतौर पर लिटिल इंडिया इलाके में रोशनी और रंगों की झलक देखने को मिलती है. वहीं मलेशिया में दिवाली को ‘ग्रीन दिवाली’ कहा जाता है, जहां यह एक राष्ट्रीय अवकाश है और परंपरागत रूप से पूजा और तेल स्नान की प्रथाएं निभाई जाती हैं.
मॉरिशस और फिजी में दिवाली का जश्न
मॉरिशस में दिवाली राष्ट्रीय अवकाश है, जहां हिंदू समुदाय बड़ी संख्या में है. यह दिन लोगों के लिए परिवार और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अवसर होता है. फिजी में भी दिवाली कई वर्षों से आधिकारिक छुट्टी के रूप में मनाई जा रही है. यहां यह त्योहार सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुका है, जिसे सभी समुदाय मिलकर मनाते हैं.
ये भी पढ़ें: 20 या फिर 21 कब मनाई जाएगी दिवाली? दूर कर लीजिए अपनी कंफ्यूजन