Delhi Weather Update: तेज धूप और बढ़ती गर्मी से परेशान दिल्ली और उत्तर भारत के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली है. बारिश, तेज हवाओं और बादलों की वजह से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार रविवार 15 मार्च को दिल्ली में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई थी.
सुबह से ही दिल्ली-NCR के कई इलाकों में गरज के साथ तेज हवाएं चल रही हैं. हवा की रफ्तार करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक दर्ज की गई, जबकि कुछ झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचे. अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिल्ली के मयूर विहार, आनंद विहार और न्यू अशोक नगर जैसे इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी देखी गई.
अगले कुछ दिनों का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार 16 मार्च को भी आसमान में आंशिक बादल रह सकते हैं और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इस दिन अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
मंगलवार 17 मार्च को भी हालात लगभग ऐसे ही रहने की उम्मीद है. दिनभर तेज हवाएं चल सकती हैं. अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बुधवार 18 मार्च को दिल्ली के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. इस दिन तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है. अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
यूपी और राजस्थान में भी बदलेगा मौसम
मौसम में आए बदलाव का असर उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने 15 और 16 मार्च को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ ओले गिरने की संभावना जताई है और इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इसी तरह पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में भी 15 और 16 मार्च के दौरान गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है.
मध्य प्रदेश और बिहार में बारिश के आसार
मध्य प्रदेश में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है. 18 मार्च के बाद 19 और 20 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
बिहार में भी अगले सप्ताह कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं. यहां अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
पंजाब और हरियाणा में भी बारिश की संभावना
पंजाब और हरियाणा में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. 15 से 19 मार्च के बीच इन राज्यों में कई जगह गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना है. मौसम विभाग ने दोनों राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
पहाड़ी राज्यों में कैसा रहेगा मौसम
पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदलने के संकेत हैं. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 15 और 16 मार्च को गरज-चमक के साथ ओले गिर सकते हैं. हालांकि 17 से 19 मार्च के बीच मौसम साफ रहने की संभावना है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी 15 और 16 मार्च को गरज-चमक के साथ ओले पड़ने का अनुमान है. इन दोनों राज्यों में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
झारखंड में चार दिन तक बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के कई जिलों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों में रविवार को बारिश की संभावना कम है, जबकि बाकी जिलों में बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने यह भी बताया कि अगले दो दिनों में तापमान थोड़ा बढ़ सकता है, लेकिन उसके बाद अगले तीन दिनों में इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. पिछले 24 घंटों के दौरान सुबह 8:30 बजे तक सरायकेला जिले में राज्य का सबसे अधिक तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
ये भी पढ़ें- ईरान ने मिसाइल और ड्रोन से तोड़ दी US एयरफोर्स की कमर! अमेरिका को जंग में अब तक कितना हुआ नुकसान?