अब बिना किसी टेंशन फ्लाइट में चुन सकेंगे पंसदीदा सीट, सरकार ने लागू किए नए नियम; जानें पूरी डिटेल

Flight Ticket New Rules: हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अब बड़ी राहत की खबर है. फ्लाइट टिकट बुक करते समय सीट चुनने के लिए लगने वाले अतिरिक्त चार्ज और परिवार के लोगों का अलग-अलग बैठना जैसी समस्याएं अब कम होने वाली हैं.

choose your favorite seat in flight without any tension government has implemented new rules
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Flight Ticket New Rules: हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अब बड़ी राहत की खबर है. फ्लाइट टिकट बुक करते समय सीट चुनने के लिए लगने वाले अतिरिक्त चार्ज और परिवार के लोगों का अलग-अलग बैठना जैसी समस्याएं अब कम होने वाली हैं. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने नए नियम लागू किए हैं, जिन्हें डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के जरिए जारी किया गया है. इनका मकसद यात्रा को आसान, साफ और यात्रियों के लिए बेहतर बनाना है.

अक्सर लोग शिकायत करते थे कि फ्लाइट में अपनी पसंद की सीट चुनने के लिए एयरलाइंस ज्यादा पैसे लेती हैं. अब इस पर रोक लगाने के लिए नया नियम बनाया गया है. एयरलाइंस को अब हर फ्लाइट में कम से कम 60 प्रतिशत सीटें बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के देनी होंगी. यानी अब सामान्य सीट चुनने के लिए आपको अलग से पैसे देने की जरूरत नहीं पड़ेगी. इससे वेब चेक-इन के नाम पर होने वाली मनमानी भी कम होगी.

परिवार के लोग साथ बैठ सकेंगे

पहले कई बार ऐसा होता था कि एक ही टिकट पर बुकिंग होने के बाद भी परिवार के लोग अलग-अलग सीटों पर बैठते थे. इससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों को परेशानी होती थी. अब नए नियम के अनुसार, अगर एक ही PNR पर बुकिंग है तो एयरलाइंस को कोशिश करनी होगी कि सभी यात्रियों को साथ बैठाया जाए. उन्हें पास-पास की सीट दी जाएगी, ताकि सफर आराम से हो सके.

फ्लाइट लेट या कैंसिल होने पर सख्ती

फ्लाइट लेट होने या कैंसिल होने पर यात्रियों को काफी परेशानी होती है. अब सरकार ने इस पर भी सख्ती दिखाई है. एयरलाइंस को तय नियमों का पालन करना होगा. अगर बोर्डिंग से मना किया जाता है, फ्लाइट लेट होती है या कैंसिल होती है, तो यात्रियों को उनके अधिकारों के बारे में साफ जानकारी देना जरूरी होगा.

अब ये जानकारी एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म और एयरपोर्ट काउंटर पर भी दिखाई जाएगी. साथ ही इसे अलग-अलग भाषाओं में भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि हर कोई इसे आसानी से समझ सके.

सामान और पालतू जानवरों के नियम साफ

यात्रियों के सामान को लेकर भी नए बदलाव किए गए हैं. अब भारी खेल सामान या म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट ले जाने की प्रक्रिया को और आसान और स्पष्ट बनाया जाएगा. इसके अलावा, जो लोग अपने पालतू जानवरों के साथ यात्रा करना चाहते हैं, उनके लिए भी एयरलाइंस को साफ नियम बनाने होंगे. इससे यात्रियों को पहले से पूरी जानकारी मिल जाएगी और यात्रा के दौरान कोई परेशानी नहीं होगी.

एयरपोर्ट पर सस्ता खाना भी मिलेगा

सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक नई पहल भी शुरू की है, जिसका नाम है “उड़ान यात्री कैफे”. इसका उद्देश्य एयरपोर्ट पर सस्ती दरों में खाने-पीने की चीजें उपलब्ध कराना है. इन कैफे में चाय और पानी करीब 10 रुपये में मिलेंगे, जबकि हल्का नाश्ता लगभग 20 रुपये में मिलेगा. यह सुविधा धीरे-धीरे देश के कई एयरपोर्ट पर शुरू की जा रही है और आगे इसे और जगहों पर बढ़ाया जाएगा.

आम यात्रियों के लिए बड़ी राहत

कुल मिलाकर, ये नए नियम हवाई यात्रा को ज्यादा आसान और किफायती बनाने के लिए लाए गए हैं. इससे यात्रियों को बेवजह खर्च नहीं करना पड़ेगा, परिवार साथ बैठ पाएगा और यात्रा के दौरान होने वाली परेशानियां भी कम होंगी.

ये भी पढ़ें- लारीजानी और सुलेमानी के खात्मे के बाद IDF के रडार पर मोजतबा, सर्वोच्च नेता को लेकर इजरायल ने कर दिया बड़ा ऐलान