ईरान से हार मान गए ट्रंप? अमेरिकी राष्ट्रपति ने जंग को लेकर किया बड़ा ऐलान, जानें क्या कहा

US Iran Conflict: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है. उन्होंने कहा कि अगले 2 से 3 हफ्तों में यह युद्ध समाप्त हो सकता है क्योंकि अमेरिका अपने ज्यादातर सैन्य लक्ष्य हासिल कर चुका है.

Has Trump accepted defeat from Iran American President made a big announcement regarding war
Image Source: Social Media

US Iran Conflict: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष जल्द खत्म हो सकता है. उन्होंने कहा कि अगले 2 से 3 हफ्तों में यह युद्ध समाप्त हो सकता है क्योंकि अमेरिका अपने ज्यादातर सैन्य लक्ष्य हासिल कर चुका है. व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने साफ कहा कि अब इस लड़ाई को जारी रखने की ज्यादा जरूरत नहीं बची है. 

ट्रंप ने यह भी बताया कि अमेरिका इस संघर्ष से बाहर निकल सकता है, भले ही ईरान के साथ कोई औपचारिक समझौता न हो. उन्होंने कहा, “दो या तीन हफ्तों में हम वापस आ सकते हैं, क्योंकि अब इसके आगे लड़ने का कोई खास कारण नहीं है.” हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि अगर इस दौरान ईरान समझौता करना चाहे तो वह संभव है, लेकिन युद्ध खत्म करने के लिए समझौता जरूरी नहीं है.

“हम अपना लक्ष्य हासिल कर चुके हैं”

ट्रंप ने दावा किया कि उनका मुख्य मकसद ईरान को परमाणु हथियार बनाने से रोकना था, और यह लक्ष्य पूरा हो चुका है. उन्होंने कहा कि अब ईरान ऐसी स्थिति में नहीं है कि वह परमाणु हथियार बना सके. उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता परिवर्तन उनका लक्ष्य नहीं था, लेकिन अब वहां की स्थिति पहले से अलग है.

हॉर्मुज जलडमरूमध्य पर बड़ा बयान

ट्रंप ने Strait of Hormuz को लेकर भी बड़ा बयान दिया. यह दुनिया के करीब 20% तेल सप्लाई का अहम रास्ता है. उन्होंने कहा कि अब अमेरिका इस रास्ते की सुरक्षा की जिम्मेदारी नहीं उठाएगा. उन्होंने साफ कहा कि जिन देशों को इस रास्ते की जरूरत है, जैसे चीन और फ्रांस, उन्हें खुद इसकी सुरक्षा करनी चाहिए.

अमेरिकी सेना की ताकत का जिक्र

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका की सेना दुनिया की सबसे ताकतवर सेना है. उन्होंने दावा किया कि ईरान में अमेरिकी कार्रवाई के बाद वहां की सैन्य क्षमता काफी कमजोर हो चुकी है. उनके मुताबिक, ईरान के कई सैन्य ठिकाने नष्ट हो चुके हैं और उनकी एयर डिफेंस सिस्टम भी काम नहीं कर रही. उन्होंने कहा कि अमेरिकी विमान बिना किसी रुकावट के उड़ान भर रहे हैं.

ईरान की धमकी पर क्या बोले

ईरान की ओर से पश्चिम एशिया में काम कर रही अमेरिकी कंपनियों को दी गई धमकी पर ट्रंप ने इसे गंभीर नहीं माना. उन्होंने कहा कि ईरान ऐसी कोई बड़ी कार्रवाई नहीं करेगा. ट्रंप के मुताबिक, ईरान की स्थिति अभी कमजोर है और वह बड़े हमले करने की हालत में नहीं है.

ये भी पढ़ें- PBKS vs GT: पंजाब किंग्स ने रोमांचक जीत से किया दमदार आगाज, गुजरात को 3 विकेट से दी मात