जलती चिता के पास दो भाइयों ने मनाया अपने ही भाई की मौत का जश्न, खूब छलके जाम; जानिए पूरा मामला

हरियाणा के पानीपत जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रॉपर्टी विवाद ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया.

Haryana news two brothers liquor party
प्रतीकात्मक तस्वीर | Photo: Freepik

हरियाणा के पानीपत जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रॉपर्टी विवाद ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया. पति की आत्महत्या के बाद उनकी पत्नी ने अपने जेठ और देवरों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज की है. महिला का दावा है कि उनके पति को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया गया कि उन्होंने ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी. इतना ही नहीं, आरोपियों ने मृतक की जलती चिता के पास शराब पीकर जश्न मनाया और बाद में तेरहवीं के बाद भी पत्नी के साथ बदसलूकी की.

जमीन विवाद और मौत

सोमवार को जीआरपी पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता कविता, जो पानीपत के बिंझौल गांव की निवासी हैं, ने बताया कि उनके पति सुरेंद्र की मौत हो चुकी है. उन्होंने अपने जेठ बलवान और देवरों वीरेंद्र व राजेंद्र पर गंभीर आरोप लगाए. कविता के अनुसार, उनके सास-ससुर ने उन्हें जमीन दी थी, जिस पर उन्होंने अपना घर बनाया. अब जब वे घर को दोबारा बना रहे थे, तब उनके जेठ और देवरों ने इसका विरोध किया और रोजाना झगड़ा करने लगे. 

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी

कविता ने बताया कि जब उन्होंने इस झगड़े की शिकायत पुलिस में की, तो आरोपियों ने उनके पति को धमकी दी कि अगर शिकायत वापस नहीं ली तो वे उन्हें झूठे केस में फंसा देंगे. कविता का कहना है कि इन धमकियों और लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण उनके पति सुरेंद्र ने 2 अप्रैल को बिंझौल में गोशाला के पास रेलवे ट्रैक पर लेटकर आत्महत्या कर ली. इसके बाद भी आरोपियों का अमानवीय व्यवहार नहीं रुका. उन्होंने दाह संस्कार के दौरान सुरेंद्र की जलती चिता का वीडियो बनाया और वहां शराब पीकर उत्सव मनाया. इतना ही नहीं, तेरहवीं के अगले दिन वे कविता के घर पहुंचे और उनके साथ फिर से झगड़ा किया. कविता ने पुलिस से मांग की है कि उनके पति की आत्महत्या के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 

ये भी पढ़ेंः निर्मला सीतारमण के अमेरिका पहुंचते ही चीन का माथा ठनका, टैरिफ की 'मार' से आहत ड्रैगन ने क्या कह दिया?