चंडीगढ़, न्यूज डेस्क: हरियाणा की मनोहर लाल सरकार (Manohar Lal Government) मिड-डे मील कर्मचारियों (Mid Day Meal Workers) के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आई है. सरकार ने प्रदेश में स्वास्थ्य बीमा योजना का दायरा बढ़ाते हुए मिड-डे मील के कर्मचारियों को भी इसमें शामिल करने का फैसला लिया है.आयुष्मान योजना का फायदा उठाने के लिए कर्मचारियों को अपने मानदेय में से 1500 रुपये सालाना भरने होंगे. इस राशि का भुगतान करने के बाद ही वह स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ उठा सकते हैं.
पांच लाख रुपये का मुफ्त इलाज
मिड-डे मील कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत राज्य के किसी भी अस्पताल में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकते हैं. बता दें कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम (Haryana Skill Employment Corporation) के अंतर्गत काम करने वाले कर्मचारियों को बीमा योजना के दायरे में सरकार पहले ही ला चुकी है. इन कर्मचारियों को सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से रजिस्टर किया है. ऐसे में ये राज्य के किसी भी सरकारी विभाग, बोर्ड और निगमों में कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर सकते हैं और उनका PF भी कटता है और छुट्टी समेत कई सुविधाएं भी मिलती हैं.
योजना का लाभ उठाना अनिवार्य?
सरकार के इस फैसले के बाद मौलिक शिक्षा निदेशक की ओर से राज्य के सभी सभी मिड-डे मील वर्कर्स का डेटा मुख्यालय मंगवाया गया है. मौलिक शिक्षा अधिकारियों को अगले दो दिनों के अंदर इस पूरी रिपोर्ट को तैयार कर मुख्यालय भेजने को कहा गया है. इस सुविधा का लाभ उठाना के लिए हर एक कर्मचारी के पार परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है. वहीं जो कर्मचारी स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ नहीं उठाना चाहते हैं और 1500 रुपये नहीं देना चाहते हैं तो सरकार ने उस पर किसी तरह का दबाव नहीं डाला है.