नई दिल्ली, न्यूज डेस्क: दिल्ल समेत उत्तर भारत के कई शहर ठंड और कोहरे की मुसीबत झेल रहे हैं. कोहरे का असर रेल और हवाई यात्रा पर भी देखा जा रहा है. बुधवार की शाम को पटना से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली विस्तारा की फ्लाइट (Vistara Flight) यूके 716 डायवर्ट होकर इंदैर पहुंच गई. दिल्ली में घना कोहरा (Delhi Airport Fog Alert) होने की वजह से पायलट ने दिल्ली की बजाय इंदौर में रात 10.15 बजे फ्लाइट लैंड करा दिया.
विमान में मौजूद थे ये नेता
इस विमान में पूर्व केंद्रीय मंत्री व पटना साहिब लोकसभा के सांसद रविशंकर प्रसाद, राजद के राज्य सभा सांसद एडी सिंह, बांका से सांसद गिरिधारी यादव, जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के अलावा बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश सिंह के बेटे समेत 180 यात्री मौजूद थे जो इंदौर में फंस गए थे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पायलट को कम विजिबिलटी में विमान के लैंडिग कराने का अनुभव नहीं था. जिसकी वजह से उसने दिल्ली की बजाय इंदौर में विमान लैंड कराया. देर रात तक विमान ने इंदौर से दिल्ली के लिए उड़ान नहीं भरी थी.
कोहरे ने थाम ली ट्रेनों और विमानों की रफ्तार
आपको बता दें कोहरे ने बुधवार को पटना की ट्रेनों और विमानों की रफ्तार थाम ली. इसके चलते 11 जोड़ी विमान पटना एयरपोर्ट देरी से पहुंचे जबकि सात प्रमुख ट्रेन घंटों देरी से चलीं. इससे यात्री परेशान रहे. वहीं, इससे पहले मंगलवार को भी राजधानी दिल्ली में में घने कोहरे की वजह से एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय सहित लगभग 30 उड़ानों के आगमन और प्रस्थान में देरी हुई. इसके अलावा 11 उड़ानों को जयपुर और एक उड़ान को लखनऊ डायवर्ट किया गया था.