दिल्ली एयरपोर्ट पर 10 रुपये की चाय, 20 में स्नैक; टर्मिनल-3 में शुरू हुआ उड़ान कैफे, जानें पूरा मेन्यू

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर उड़ान यात्री कैफे शुरू हो गया है. यह कैफे चेक-इन एरिया में बनाया गया है, जहां यात्रियों को फ्लाइट पकड़ने से पहले कम कीमत पर चाय, कॉफी और नाश्ता मिल सकेगा.

10 Rupee Tea 20 Rupee Coffee at Delhi Airport Udaan Cafe at Terminal 3
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर उड़ान यात्री कैफे शुरू हो गया है. यह कैफे चेक-इन एरिया में बनाया गया है, जहां यात्रियों को फ्लाइट पकड़ने से पहले कम कीमत पर चाय, कॉफी और नाश्ता मिल सकेगा.

नागर विमानन मंत्रालय की इस योजना का मकसद एयरपोर्ट पर यात्रियों को सस्ते दाम पर खाने-पीने की चीजें उपलब्ध कराना है. कैफे के तय मेन्यू में 10 रुपये की चाय, 20 रुपये की कॉफी, 20 रुपये का स्नैक और 20 रुपये की मिठाई शामिल है. इसके अलावा, कम से कम 500 मिलीलीटर की पैकेज्ड पानी की बोतल की औसत कीमत 10 रुपये रखी गई है.

दिल्ली से विशाखापत्तनम के लिए रोजाना उड़ान शुरू

अकासा एयर 25 अक्टूबर से दिल्ली और विशाखापत्तनम के बीच रोजाना सीधी उड़ान शुरू कर रही है. इससे यात्रियों को दोनों शहरों के बीच सफर के लिए ज्यादा विकल्प मिलेंगे और सीटों की उपलब्धता में भी मदद मिलेगी.

एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक, दिल्ली से फ्लाइट सुबह 5:55 बजे रवाना होकर 8:20 बजे विशाखापत्तनम पहुंचेगी. वहीं, वापसी में फ्लाइट सुबह 9:05 बजे विशाखापत्तनम से उड़ान भरेगी और 11:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी.

31 अक्टूबर तक सऊदी अरब के लिए कई उड़ानें रद्द

इंडिगो ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानें रद्द रखने की अवधि बढ़ा दी है. रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी.

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि रियाद आने-जाने वाली इंडिगो की उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी. वहीं, जेद्दा, दम्माम और मदीना के लिए आने-जाने वाली उड़ानें 27 अक्टूबर 2026 तक रद्द रहेंगी.

यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब के हवाई अड्डों, ऊर्जा प्रतिष्ठानों और दूसरे अहम ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइल हमले तेज किए जाने के बीच उड़ानों पर असर पड़ा है.

उड़ानें रद्द रखने की अवधि बढ़ाने का फैसला बुधवार को दम्माम के किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले के बाद लिया गया. इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य घायल हुए थे.