Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के भितरवार कस्बे से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको चौंका दिया है. जहां आमतौर पर पति द्वारा घरेलू हिंसा की घटनाएं सामने आती हैं, वहीं इस बार पत्नी ने अपने पति पर बेहद क्रूरता से हमला किया. पत्नी पूजा ने अपने पति आकाश जाटव पर पहले खौलता पानी डाला और बाद में हथौड़े से हमला कर दिया. आकाश को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है. मामले की जांच पुलिस कर रही है.
गर्म पानी से किया हमला
मामला मंगलवार की सुबह का है जब आकाश गहरी नींद में थे. अचानक उनकी पत्नी पूजा ने उनके कान में खौलता हुआ पानी डाला. पानी की जलन से उठे आकाश ने विरोध किया, तो पूजा ने गुस्से में आकाश के ऊपर पूरा भगोना खौलता पानी डाल दिया. घबराए आकाश ने विरोध करना चाहा, लेकिन पत्नी ने हाथ में हथौड़ा लेकर उन पर हमला कर दिया. आकाश के शरीर पर जलन के साथ-साथ चोटें भी आईं, जिन्हें देखते हुए परिजन उन्हें तुरंत स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया है.
पति ने लगाए गंभीर आरोप
आकाश ने पुलिस को बताया कि पत्नी पूजा उनसे रोजाना गाली-गलौच करती है और मारपीट भी करती रहती है. लेकिन इस बार तो स्थिति बेहद गंभीर हो गई. पूजा ने घर का सारा सामान बाहर फेंक दिया और परिवार को बाहर ही बैठा दिया. उसके बाद घर के अंदर अकेले बैठी रही. जब परिवार के लोग बाहर सोने चले गए, तब पूजा ने यह जघन्य कृत्य किया.
‘पत्नी मानसिक रूप से बीमार हो सकती है’
पुलिस के अनुसार, FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पड़ोसियों से बातचीत में पता चला कि पूजा मानसिक रूप से परेशान या बीमार हो सकती है. दंपति के दो बच्चे भी हैं. अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पूजा की मानसिक स्थिति क्या है और यह हमला किस वजह से हुआ.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस मामले की गंभीरता को समझते हुए जांच कर रही है और जरूरत पड़ने पर दोनों पक्षों की मेडिकल जांच भी कराएगी. आकाश के इलाज का ध्यान रखा जा रहा है और परिवार की सुरक्षा भी सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है. ऐसे मामलों में घरेलू हिंसा के दोनों पक्षों की स्थिति को समझना जरूरी होता है, ताकि न्याय उचित रूप से मिल सके.
ये भी पढ़ें: इस महिला को है अजीबोगरीब बीमारी, रोज़ खा जाती है 70 रोटियां, भूख देख डॉक्टर्स भी रह गए दंग