गुरुग्राम में ट्रांसफार्मर जलने से 7 पावर स्टेशन बंद; अंधेरे में डूबे कई इलाके, रैपिड मेट्रो सेवा बाधित

Gurugram News: हरियाणा का साइबर सिटी गुरुग्राम शुक्रवार रात अचानक बड़े बिजली संकट की चपेट में आ गया. सेक्टर-72 स्थित 220 KVA बिजली घर का मुख्य ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो जाने के बाद शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई.

Gurugram power crisis due to transformer blast Rapid Metro service affected
Image Source: ANI/ Social Media

Gurugram News: हरियाणा का साइबर सिटी गुरुग्राम शुक्रवार रात अचानक बड़े बिजली संकट की चपेट में आ गया. सेक्टर-72 स्थित 220 KVA बिजली घर का मुख्य ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो जाने के बाद शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई. देखते ही देखते सात बड़े बिजली घर प्रभावित हो गए और हजारों लोगों के घरों में अंधेरा छा गया. भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है. घरों से लेकर दफ्तरों तक हर जगह कामकाज प्रभावित नजर आया.

रैपिड मेट्रो सेवा पर भी पड़ा असर

इस बिजली संकट का असर केवल घरों और बाजारों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो सेवा भी इसकी चपेट में आ गई. करीब एक घंटे तक मेट्रो सेवा बाधित रहने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कई स्टेशनों पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए कैब और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा. ऑफिस टाइम के दौरान सेवा प्रभावित होने से कर्मचारियों और दैनिक यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं.

कई सेक्टरों में घंटों से बिजली गुल

मुख्य ट्रांसफार्मर में खराबी आने के बाद सेक्टर-15, सेक्टर-38, सेक्टर-44, सेक्टर-46, सेक्टर-52, सेक्टर-56 और मारुति 66 KVA बिजली घर पूरी तरह प्रभावित हो गए. इसके चलते सेक्टर-38 से लेकर सेक्टर-57 तक के बड़े इलाके में बिजली आपूर्ति बंद हो गई. वहीं सेक्टर-15 पार्ट-1, सेक्टर-15 पार्ट-2 और सेक्टर-18 में भी लंबे समय से बिजली नहीं होने के कारण लोग परेशान नजर आए. गर्मी और उमस के बीच बिजली कटौती ने लोगों को बेहाल कर दिया. कई इलाकों में पानी की सप्लाई पर भी असर पड़ने लगा है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है.

देर रात तक बहाल हो सकती है बिजली आपूर्ति

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, खराब हुए ट्रांसफार्मर को ठीक करने का काम युद्ध स्तर पर जारी है. तकनीकी टीम मौके पर मौजूद है और लगातार मरम्मत कार्य कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे सिस्टम को सामान्य होने में करीब 8 से 10 घंटे का समय लग सकता है. विभाग ने उम्मीद जताई है कि देर रात तक अधिकांश इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी. फिलहाल शहर के लोग बिजली लौटने का इंतजार कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: दिल्ली में प्रचंड गर्मी का प्रकोप, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, आखिर तवे की तरह क्यों तप रही राजधानी?