दिल्ली में प्रचंड गर्मी का प्रकोप, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, आखिर तवे की तरह क्यों तप रही राजधानी?

Delhi Heatwave Alert: देश की राजधानी दिल्ली इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. हालात ऐसे हैं कि दिन तो दिन, रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही. सूरज ढलने के बाद भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है.

Delhi Temperature Heatwave Alert imd delhi weather forecast
Image Source: ANI

Delhi Heatwave Alert: देश की राजधानी दिल्ली इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है. हालात ऐसे हैं कि दिन तो दिन, रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही. सूरज ढलने के बाद भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है. कई इलाकों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने राजधानी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और चेतावनी दी है कि आने वाले कई दिनों तक लू का असर जारी रह सकता है.

शनिवार और रविवार को भी नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को Delhi में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और लू चलने की संभावना बनी रहेगी. इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं. शनिवार को अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. कुछ इलाकों में हल्के बादल जरूर दिखाई दे सकते हैं, लेकिन इससे गर्मी में ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है. वहीं रविवार को भी हालात लगभग ऐसे ही बने रहेंगे और तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है.

सोमवार को और बढ़ेगा गर्मी का असर

25 मई को राजधानी में गर्मी और ज्यादा परेशान कर सकती है. मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी लू की चेतावनी जारी की है. अनुमान है कि अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, जबकि रात का तापमान भी 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि रात के समय तापमान का सामान्य से अधिक बने रहना लोगों की सेहत पर असर डाल सकता है क्योंकि शरीर को ठंडक मिलने का समय नहीं मिल पा रहा है. इस दौरान तेज गर्म हवाएं भी चलती रहेंगी.

आखिर क्यों बढ़ रही है दिल्ली में इतनी गर्मी?

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक राजस्थान और आसपास के रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली उत्तर-पश्चिमी गर्म हवाएं राजधानी में तापमान को तेजी से बढ़ा रही हैं. इसके अलावा प्री-मानसून बारिश और आंधी-तूफान की गतिविधियां फिलहाल कमजोर बनी हुई हैं, जिसके कारण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है. विशेषज्ञ मानते हैं कि जब तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं होगा या बारिश नहीं होगी, तब तक लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है.

स्वास्थ्य विभाग ने जारी की चेतावनी

लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह की लू से डिहाइड्रेशन, हीट एक्सॉशन और हीटस्ट्रोक का खतरा तेजी से बढ़ जाता है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और शरीर में पानी की कमी न होने दें. खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें: दिल्ली में राशन कार्ड नियमों में बड़ा बदलाव, अब 1.20 लाख आय वाले परिवारों को भी मिलेगा लाभ