Gujarat IAS Transfer: गुजरात सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 72 IAS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों का आदेश जारी किया. अहमदाबाद, सूरत, भरूच और कच्छ जैसे कई महत्वपूर्ण जिलों में कलेक्टर बदले गए हैं. इसके साथ ही कई वरिष्ठ अधिकारियों को राज्य के महत्वपूर्ण विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. मार्च में हुए IPS अधिकारियों के तबादलों के बाद यह प्रशासनिक फेरबदल राज्य में एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
डीएन मोदी गांधीनगर में विकास आयुक्त नियुक्त
सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, जामनगर नगर निगम के नगर आयुक्त डीएन मोदी को हटाकर गांधीनगर में विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है. इस नई जिम्मेदारी के साथ ही वह केएल बचानी के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे. वहीं, आनंद बाबूलाल पटेल को कच्छ-भुज के कलेक्टर पद से हटाकर गांधीनगर में स्कूल आयुक्त बनाया गया है. इसके अतिरिक्त उन्हें पीएम-पोषण योजना (मिड-डे मील) और Gujarat Council of Education Research & Training (GCERT) के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.
अहमदाबाद, सूरत और वडोदरा में बड़े तबादले
अहमदाबाद के कलेक्टर सुजीत कुमार को अहमदाबाद में राज्य कर विभाग का विशेष आयुक्त नियुक्त किया गया है. अजय प्रकाश को गुजरात ऊर्जा विकास एजेंसी (GEDA) के निदेशक पद से हटाकर ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल विभाग में भेजा गया है और उन्हें वडोदरा स्थित Gujarat Energy Transmission Corporation Limited (GETCO) का प्रबंध निदेशक बनाया गया. सूरत के कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी को गांधीनगर में नागरिक आपूर्ति निदेशक और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में पदेन अतिरिक्त सचिव बनाया गया है.
मार्च में हुआ था IPS अफसरों का बड़ा फेरबदल
इससे पहले मार्च में राज्य में IPS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल किया गया था. उस समय राज्य के IB चीफ के साथ-साथ कई रेंजेस के चीफ भी बदल दिए गए थे. लंबे समय से पोस्टिंग का इंतजार कर रहे कई अधिकारियों को भी नई पोस्टिंग मिल चुकी थी.
ये भी पढ़ें: विजय थलापति फ्लोर टेस्ट में पास, तमिलनाडु विधानसभा में साबित किया बहुमत, जानें TVK को कितने पड़े वोट