दिवाली से पहले सरकार का बड़ा गिफ्ट! 22 सितंबर से छोटी और लग्जरी दोनों गाड़ियां होंगी सस्ती, जानें कितने घटेंगे दाम

    सरकार ने जीएसटी (GST) में महत्वपूर्ण सुधारों को मंजूरी दे दी है, जो 22 सितंबर से लागू हो जाएंगे. इन बदलावों का असर रोजमर्रा के सामान से लेकर गाड़ियों तक पर होगा.

    GST cuts to lower car prices after new tax reforms
    Image Source: Freepik

    नई दिल्ली: सरकार ने जीएसटी (GST) में महत्वपूर्ण सुधारों को मंजूरी दे दी है, जो 22 सितंबर से लागू हो जाएंगे. इन बदलावों का असर रोजमर्रा के सामान से लेकर गाड़ियों तक पर होगा. कुल 453 उत्पादों की GST दरों में फेरबदल किया गया है, जिनमें से 413 की दरें कम हुई हैं और केवल 40 की दरें बढ़ी हैं. खासकर उन लोगों के लिए यह खबर बहुत अहम है जो नवरात्रि, दशहरा या दिवाली के मौके पर कार खरीदने की योजना बना रहे हैं.

    जीएसटी का नया स्लैब

    केंद्र सरकार ने जीएसटी दरों को और सरल बनाते हुए चार स्लैब की जगह दो स्लैब लागू किए हैं. अब GST की दरें सिर्फ 5% और 18% होंगी. इससे माल और सेवाओं पर टैक्स व्यवस्था आसान होगी और आम जनता को राहत मिलेगी. इस बदलाव के तहत, 295 जरूरी वस्तुओं की दरें 12% से घटाकर 5% या 0% कर दी गई हैं. वहीं, लग्जरी वस्तुओं पर 40% जीएसटी निर्धारित की गई है.

    लग्जरी कारों पर छूट

    पहले लग्जरी और बड़ी कारों पर 28% GST के साथ 22% सेस भी लगता था, जिससे कुल टैक्स लगभग 50% तक पहुंच जाता था. अब नए नियमों के तहत इन कारों पर GST घटाकर 40% कर दिया गया है और सेस को पूरी तरह हटा दिया गया है. इसका सीधा फायदा खरीदारों को होगा.

    उदाहरण: BMW X1 की कीमत 51.5 लाख से 55 लाख के बीच है. नए नियमों के बाद इस पर लगने वाला टैक्स कम होगा, जिससे लगभग 5.15 लाख से 5.5 लाख रुपये तक की बचत हो सकेगी.

    छोटी कारों के लिए भी बड़ी राहत

    छोटी कारों पर भी GST दरों में कटौती की गई है. जहां पहले 28% GST और सेस लगता था, अब GST घटाकर 18% कर दिया गया है और सेस खत्म कर दिया गया है. इससे मारुति वैगन आर जैसी छोटी कारों की कीमत में 60 से 67 हजार रुपये तक की कमी आएगी.

    मॉडल                            पुरानी कीमत       नई संभावित कीमत 

    महिंद्रा स्कॉर्पियो              14-17.7 लाख         13-16.5 लाख
    टाटा सफारी                     15.5-27.4             14.5-25.6
    टोयोटा फॉर्च्यूनर                 36-52.34             33.7-48.8
    बीएमडब्ल्यू एक्स 1             51.5 लाख             46.3 लाख
    मर्सीडीज-बेंज जीएलए         50.5 लाख            45.45 लाख
    पोर्श 911                          2.0 करोड़           1.8 करोड़
    बीएमडब्ल्यू एक्स 7            1.3 करोड़            1.2 करोड़
    ऑडी क्यू 5                      66.9 लाख           59.85 लाख
    बीएमडब्ल्यू एक्सएम         2.60 करोड़          2.34 करोड़

    (नई एक्स शोरूम कीमत की गणना 10% की कमी मानकर की है)

    महंगाई में कमी और मांग में बढ़ोतरी की उम्मीद

    सरकार के इस कदम से न केवल वाहनों की कीमतें सस्ती होंगी, बल्कि रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुओं पर भी टैक्स कम होने से आम आदमी को महंगाई से राहत मिलेगी. उत्पादन बढ़ने और मांग के साथ बाजार में तेजी आने की भी संभावना जताई जा रही है.