ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ऐस सिटी सोसाइटी में शनिवार सुबह एक ऐसी घटना सामने आई जिसने हर किसी को अंदर से हिला कर रख दिया. एक मां ने अपने मानसिक रूप से बीमार बेटे के साथ 13वीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी. यह हादसा सिर्फ एक आत्महत्या नहीं, बल्कि एक ऐसी कहानी है जो मानसिक स्वास्थ्य, पारिवारिक दबाव और समाज की चुप्पी पर कई सवाल खड़े करती है.
एक सुबह, एक चीख और फिर सन्नाटा
शनिवार सुबह करीब 10 बजे सोसाइटी की शांति एक जोरदार चीख से टूट गई. लोगों ने खिड़कियों और बालकनियों से बाहर झांककर जो देखा, वह किसी भयावह दृश्य से कम नहीं था. नीचे जमीन पर एक महिला और एक बच्चा खून से लथपथ पड़े थे. मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतकों की पहचान साक्षी चावला (37) और उनके 11 वर्षीय बेटे दक्ष चावला के रूप में हुई.
बच्चे की मानसिक हालत बनी मां के तनाव की वजह
परिवार के करीबी लोगों और पड़ोसियों के मुताबिक, दक्ष पिछले कुछ वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ था. उसका इलाज जारी था लेकिन विशेष सुधार नहीं हुआ. बच्चे की हालत ने मां साक्षी को लगातार मानसिक तनाव में डाल दिया था. साक्षी कई बार अपने पड़ोसियों से कहती थीं "मेरी ज़िंदगी बहुत मुश्किल हो गई है." यह वाक्य अब सभी के ज़ेहन में गूंज रहा है.
पुलिस जांच में जो विवरण सामने आया, वह दिल को और तोड़ देता है. सुबह करीब 9 बजे साक्षी के पति दर्पण चावला, जो पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं, ने अपनी पत्नी से बेटे को दवा देने को कहा. साक्षी ने बच्चे को दवा दी और उसे बालकनी में टहलाने लगीं. इसके बाद पति दूसरे कमरे में आराम करने चले गए. कुछ ही देर बाद 13वीं मंजिल से मां-बेटे के कूदने की सूचना पूरे सोसाइटी में फैल गई.
पुलिस को मिला सुसाइड नोट, जांच जारी
पुलिस अधिकारियों ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है. साक्षी की हैंडराइटिंग की पुष्टि और सुसाइड नोट में लिखे कारणों की गहराई से जांच की जा रही है. इस पत्र में साक्षी ने अपने पति दर्पण चावला के नाम लिखा था कि “हम दुनिया छोड़ रहे हैं… सॉरी. हम तुम्हें अब और परेशान नहीं करना चाहते. हमारी वजह से तुम्हारी जिंदगी खराब न हो. हमारी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं है.” एडीसीपी शैव्या गोयल के मुताबिक, "प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लगता है. मां बेटे की मानसिक हालत को लेकर बहुत तनाव में थीं. बाकी सभी एंगल से जांच जारी है."
ये भी पढ़ें: फायरिंग के बाद बेटी खुशबू के बचाव में उतरे दिशा पाटनी के पिता, कहा- हम सनातनी हैं...