बॉलीवुड के 'हीरो नंबर 1' गोविंदा एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए तैयार हैं. लंबे इंतजार के बाद अभिनेता ने अपनी नई फिल्म 'रूपा' का ऐलान कर दिया है, जिसके जरिए वह करीब सात साल बाद फिल्मों में वापसी करेंगे. इस फिल्म में उनके साथ नई अभिनेत्री रानी स्वर्णकार नजर आएंगी. खास बात यह है कि गोविंदा सिर्फ अभिनय ही नहीं, बल्कि इस फिल्म के निर्माता की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं. उनके प्रशंसकों को उम्मीद है कि यह फिल्म एक बार फिर उन्हें पुराने अंदाज में बड़े पर्दे पर देखने का मौका देगी.
फिल्म के बारे में क्या बोले गोविंदा?
गोविंदा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ के बारे में बात की. फिल्म के बारे में उन्होंने कहा, 'अब मैं तैयार हूं. अब आगे आप पूरी कास्ट को देख पाएंगे. मुझे ऐसा लगता है कि ये अलग तरह की फिल्म होगी खासकर यंगस्टर्स के लिए. बहुत ही उम्मीदों के साथ यंगस्टर्स शुरुआत करते हैं, लेकिन वो कभी-कभार भटक जाते हैं. माया का जो हिस्सा हम दिखा सकते हैं वो मैं अब इस फिल्म में दिखाने जा रहा हूं. यंगस्टर्स भीड़ में खोए हुए व्यक्ति की तरह न लगे.'
इसके अलावा उन्होंने कहा, 'मैं तो फिल्म में काम करता हूं तो दुनिया आश्चर्यचकित हो जाती है कि ये यहां कैसे. मुझे किसी भी चीज से डर नहीं लगता है. मैं सच से दूर नहीं भागता हूं. जो भी आगे होने वाला है मुझे उसका बहुत पहले से आभास हो जाता है. मैं सच कह दिया करता हूं. लोग विश्वास नहीं करते हैं. कई लोग तो गाली भी देते हैं कि देखो क्या कह रहा है.'
'रंगीला राजा' के बाद पहली फिल्म
गोविंदा आखिरी बार साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'रंगीला राजा' में डबल रोल निभाते हुए दिखाई दिए थे. हालांकि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास सफलता हासिल नहीं कर सकी. इसके बाद वह 2022 की डॉक्यूमेंट्री 'Naam Tha Kanhaiyalal' में नजर आए, लेकिन मुख्यधारा की फिल्मों से उनकी दूरी बनी रही. अब 'रूपा' के जरिए वह एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं. इस बीच उनके परिवार से भी अच्छी खबर सामने आई है. गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा और बेटे यशवर्धन आहूजा भी जल्द ही बॉलीवुड में कदम रखने वाले हैं. दोनों एकता कपूर के प्रोजेक्ट्स के जरिए फिल्मी दुनिया में अपनी नई पारी शुरू करेंगे.
ये भी पढ़ें: Obsession Ott Release: थिएटर्स के बाद OTT पर दहशत फैलाने आ रही ‘ऑब्सेशन’, जानें कब और कहां होगी रिलीज