नितिन नवीन की नई टीम में बिहार से किसका कद बढ़ा, किसकी बदली भूमिका? जानें पूरी जानकारी

BJP Reshuffle: बिहार विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी में कई बड़े संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं. नितिन नवीन को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उनकी नई टीम में बिहार के तीन नेताओं को जगह मिली है.

nitin nabin Bihar BJP organization Shivesh Ram and Siddharth Shambhu entrusted responsibilities
Image Source: Social Media

BJP Reshuffle: बिहार विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी में कई बड़े संगठनात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं. नितिन नवीन को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उनकी नई टीम में बिहार के तीन नेताओं को जगह मिली है.

इनमें शिवेश राम और सिद्धार्थ शंभू को नई और बड़ी जिम्मेदारियां दी गई हैं, जबकि ऋतुराज सिन्हा की जिम्मेदारी बदली गई है. नई टीम में बिहार से जुड़े नेताओं की भूमिका को लेकर पार्टी के अंदर भी काफी चर्चा है.

शिवेश राम को मिली बड़ी जिम्मेदारी

शिवेश राम को बीजेपी के एससी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है. इससे पहले वह बिहार बीजेपी के प्रदेश महामंत्री रह चुके हैं. वह अगिआंव से विधायक भी रह चुके हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव में शिवेश राम सासाराम सीट से चुनाव लड़े थे, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. 

इसके बावजूद पार्टी में उनका कद बना रहा. राज्यसभा चुनाव के दौरान भी शिवेश राम का नाम काफी चर्चा में रहा था. बाद में उन्हें राज्यसभा भेजा गया. अब पार्टी संगठन में राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिलने से उनकी भूमिका और बढ़ गई है.

सिद्धार्थ शंभू बने राष्ट्रीय मंत्री

बिहार बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे सिद्धार्थ शंभू को भी नितिन नवीन की नई टीम में जगह मिली है. उन्हें राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है. वह पार्टी के 16 राष्ट्रीय मंत्रियों में बिहार से इकलौते नेता हैं. इससे पहले बिहार से ऋतुराज सिन्हा इस पद पर थे.

सिद्धार्थ शंभू की संगठन में अच्छी पकड़ मानी जाती है. करीब एक महीने पहले ही वह सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के बोर्ड में नॉन-ऑफिशियल डायरेक्टर के पद से हटे थे. अब बीजेपी ने उन्हें राष्ट्रीय संगठन में नई जिम्मेदारी दी है.

ऋतुराज सिन्हा की बदली गई जिम्मेदारी

ऋतुराज सिन्हा का नाम पिछले कुछ समय से कई बड़े पदों के लिए चर्चा में रहा था. 2024 के लोकसभा चुनाव में पटना से उनका नाम सामने आया था. इसके बाद राज्यसभा और बांकीपुर सीट को लेकर भी उनके नाम की चर्चा हुई, लेकिन उन्हें इनमें से कोई जिम्मेदारी नहीं मिली.

अब नितिन नवीन की नई टीम में उन्हें राष्ट्रीय मंत्री के पद से हटा दिया गया है. हालांकि, पार्टी ने उन्हें पूरी तरह संगठन से बाहर नहीं किया है. ऋतुराज सिन्हा को राष्ट्रीय प्रकोष्ठ सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है. इस पद पर उनके साथ आंध्र प्रदेश के विष्णु वर्धन रेड्डी भी रहेंगे. राष्ट्रीय प्रकोष्ठ का संयोजक मध्य प्रदेश के विष्णु दत्त शर्मा को बनाया गया है.

बिहार से तीन नेताओं को मिली जगह

नितिन नवीन की नई टीम में बिहार से तीन प्रमुख नाम सामने आए हैं. शिवेश राम को एससी मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि सिद्धार्थ शंभू राष्ट्रीय मंत्री बने हैं. वहीं ऋतुराज सिन्हा की जिम्मेदारी बदलकर उन्हें राष्ट्रीय प्रकोष्ठ सह-संयोजक बनाया गया है.

इन नियुक्तियों से साफ है कि बीजेपी ने बिहार के नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में अलग-अलग भूमिकाएं दी हैं. अब इन नेताओं की नई जिम्मेदारियां पार्टी के संगठन को मजबूत करने में कितनी अहम साबित होती हैं, यह आने वाले समय में साफ होगा.

ये भी पढ़ें- लाडली बहनों को रक्षाबंधन का तोहफा, 1500 के साथ मिलेंगे 250 रुपये एक्स्ट्रा, जानें कब आएंगे पैसे