Google Maps New Feature: गूगल मैप्स को आजकल हर रोज लाखों लोग इस्तेमाल करते हैं, खासकर भारत जैसे बड़े देश में जहां नए शहरों को एक्सप्लोर करना और रास्तों पर सही दिशा में जाना बेहद जरूरी हो जाता है. अब गूगल ने अपनी मैप्स ऐप में कुछ और स्मार्ट और इंटरेक्टिव फीचर्स जोड़े हैं, जिससे यूजर को यात्रा के दौरान और भी आसानी होगी. इस अपडेट में गूगल ने AI तकनीक का इस्तेमाल किया है, जिससे नेविगेशन और रूट प्लानिंग को और भी सुविधाजनक बना दिया है.
जेमिनी AI से होगी हैंड्स-फ्री नेविगेशन की सुविधा
गूगल ने अब अपने मैप्स में जेमिनी AI पावर्ड रूट प्लानिंग और नेविगेशन फीचर को जोड़ा है. इस फीचर के तहत अब ड्राइवर बिना टाइप या टैप किए सीधे बोलकर सवाल पूछ सकते हैं जैसे “नजदीकी पेट्रोल पंप कहां है?” या “आसपास पार्किंग कहां है?”. जेमिनी AI अब कैलेंडर और जीमेल जैसी ऐप्स को भी एक्सेस करने में सक्षम होगा, जिससे यूजर अपनी यात्रा के साथ-साथ अपना शेड्यूल भी मैनेज कर सकेंगे.
पहले ही मिलेगी ट्रैफिक जाम की चेतावनी
गूगल मैप्स में एक नया फीचर जोड़ा गया है, जो आपको ट्रैफिक जाम, सड़क बंद होने या किसी अन्य अवरोध के बारे में पहले से जानकारी दे देगा, भले ही आपने नेविगेशन बंद कर दिया हो. यह फीचर फिलहाल दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू जैसे शहरों में शुरू किया जा चुका है और आगे इसे अन्य प्रमुख हाईवे और सड़कों पर भी लागू किया जाएगा.
दुर्घटना संभावित इलाकों और स्पीड लिमिट के बारे में मिलेगी जानकारी
भारत में खासतौर पर एक नया फीचर जोड़ा गया है, जो ड्राइवरों को दुर्घटना संभावित इलाकों के बारे में अलर्ट करेगा. यह फीचर ड्राइवर को विजुअल और वॉइस अलर्ट के जरिए उन इलाकों के बारे में चेतावनी देगा जहां दुर्घटना की संभावना अधिक रहती है. यह फीचर सबसे पहले गुरुग्राम, साइबराबाद, चंडीगढ़ और फरीदाबाद जैसे शहरों में एंड्रॉयड यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा. इसके अलावा, गूगल अब स्पीड लिमिट के बारे में भी जानकारी देगा, जो स्थानीय ट्रैफिक अथॉरिटी के साथ पार्टनरशिप के जरिए अपडेट किया जाएगा.
हाईवे की कंडीशन पर मिलेगी जानकारी
अब गूगल मैप्स यूजर्स को हाईवे की कंडीशन, सड़क पर अवरोध और मरम्मत कार्यों के बारे में भी जानकारी देगा. गूगल ने इसके लिए NHAI के साथ साझेदारी की है. इसके अलावा, यूजर्स को पब्लिक रेस्टरूम, खाने की जगहों और पेट्रोल पंप जैसी सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी, जिससे यात्रा में कोई दिक्कत न हो.
फ्लाईओवर के लिए वॉइस नेविगेशन
भारत में खासतौर से फ्लाईओवर के लिए गूगल ने वॉइस नेविगेशन फीचर जोड़ा है, जिससे ड्राइवर को यह पता चलेगा कि उन्हें फ्लाईओवर पर चढ़ना है या नीचे से जाना है. यह फीचर भारत के 9 प्रमुख भाषाओं में उपलब्ध होगा और यात्रा को और भी आसान और सुविधाजनक बनाएगा.
ये भी पढ़ें: सावधान! आपके फोन पर मंडरा रहा साइबर अटैक का खतरा, Android यूजर्स के लिए सरकार ने जारी किया बड़ा अलर्ट