अगर आप एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है. भारत सरकार की इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने हाल ही में एंड्रॉयड ऑपरेटिंग सिस्टम में पाए गए गंभीर सुरक्षा खतरों को लेकर हाई-रिस्क सिक्योरिटी वार्निंग जारी की है. इन खामियों का फायदा उठाकर साइबर अटैकर्स आपके डिवाइस तक पहुंच बना सकते हैं. ऐसे में, यह जरूरी है कि आप तुरंत अपने फोन की सिक्योरिटी पर ध्यान दें और जरूरी अपडेट्स इंस्टॉल करें.
एंड्रॉयड के कौन से वर्जन पर है ज्यादा खतरा?
CERT-In ने अपनी रिपोर्ट में यह साफ किया है कि एंड्रॉयड 13, 14, 15 और 16 पर चलने वाले स्मार्टफोन्स में सुरक्षा संबंधी खामियां पाई गई हैं, जो हैकर्स को इन स्मार्टफोन्स की पूरी एक्सेस दे सकती हैं. इसके अलावा, इन वर्जन में सिस्टम क्रैश होने और डेटा चोरी का खतरा भी बना हुआ है. इन खामियों को खासतौर पर Qualcomm, NVIDIA, UNISOC और MediaTek जैसे प्रमुख चिपसेट्स में देखा गया है, जो एंड्रॉयड डिवाइसों में इस्तेमाल होते हैं.
क्या कदम उठाए गए हैं?
गूगल ने इन खामियों को सुधारने के लिए सिक्योरिटी पैच जारी कर दिए हैं. इस पैच को इंस्टॉल कर आप साइबर अटैक से बच सकते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि समय रहते सिस्टम अपडेट करना बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे न केवल सुरक्षा खामियां दूर होती हैं, बल्कि भविष्य में होने वाले खतरों से भी बचाव संभव हो पाता है.
यूजर्स के लिए जरूरी सलाह
साइबर अटैक से बचने के लिए सबसे पहला कदम है अपने एंड्रॉयड डिवाइस को अपडेट रखना. गूगल द्वारा जारी किए गए सिक्योरिटी पैच को इंस्टॉल करने के लिए, आपको अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर "Software Update" ऑप्शन चेक करना होगा. यदि अपडेट मौजूद है, तो उसे तुरंत इंस्टॉल कर लें. इसके अलावा, आप अपने फोन पर ऑटोमेटिक अपडेट्स भी ऑन कर सकते हैं, ताकि भविष्य में मैन्युअली अपडेट करने की जरूरत न पड़े.
साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स की राय
साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी भी प्रकार के साइबर अटैक से बचने के लिए यह बेहद जरूरी है कि आप अपने डिवाइस और ऐप्स को हमेशा अपडेटेड रखें. सिस्टम और ऐप्स के लेटेस्ट वर्शन इंस्टॉल करने से न केवल सिक्योरिटी खामियां ठीक होती हैं, बल्कि आपको नए फीचर्स का भी फायदा मिलता है.
ये भी पढ़ें: भारत में आ गया AI का नया नियम, अब सभी टेक कंपनियों को माननी होंगी ‘Do No Harm’ गाइडलाइंस