Google Account Security: आज के डिजिटल दौर में Google Account हमारी ऑनलाइन जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है. Gmail से लेकर Google Photos, Drive, YouTube और Contacts तक कई जरूरी सेवाएं गूगल अकाउंट से जुड़ी रहती हैं. ऐसे में अगर अकाउंट की सिक्योरिटी कमजोर है तो निजी तस्वीरों, जरूरी दस्तावेजों और दूसरे डेटा पर खतरा बढ़ सकता है. कुछ आसान सुरक्षा सेटिंग्स को अपडेट करके Google Account को काफी हद तक सुरक्षित रखा जा सकता है.
2-Step Verification से बढ़ाएं सुरक्षा
Google Account को सुरक्षित रखने के लिए 2-Step Verification को ऑन करना सबसे जरूरी कदमों में से एक है. इसे एक्टिव करने के बाद लॉगिन के लिए केवल पासवर्ड पर्याप्त नहीं रहता, बल्कि अतिरिक्त वेरिफिकेशन की जरूरत पड़ती है. ऐसे में अगर किसी दूसरे व्यक्ति को आपका पासवर्ड पता भी चल जाए तो उसके लिए अकाउंट में सीधे प्रवेश करना मुश्किल हो जाता है.
Security Checkup को न करें नजरअंदाज
Google Account का Security Checkup फीचर अकाउंट की सुरक्षा से जुड़ी अहम जानकारी एक जगह दिखाता है. यहां आप देख सकते हैं कि आपका अकाउंट किन डिवाइस पर लॉगिन है, कौन-सी सेवाओं को एक्सेस मिला हुआ है और कहीं कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हुई. अगर कोई अनजान डिवाइस नजर आए तो उसकी जांच करके जरूरत पड़ने पर तुरंत साइन आउट करना बेहतर है.
पुराने पासवर्ड को तुरंत बदलें
अगर आपका Google Account पासवर्ड काफी समय से नहीं बदला गया है या वही पासवर्ड दूसरी वेबसाइटों पर भी इस्तेमाल हो रहा है तो इसे बदल देना चाहिए. किसी अन्य वेबसाइट पर डेटा लीक होने की स्थिति में वही पासवर्ड Google Account के लिए भी खतरा बन सकता है. इसलिए मजबूत और यूनिक पासवर्ड रखना तथा अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग पासवर्ड इस्तेमाल करना ज्यादा सुरक्षित विकल्प है.
थर्ड-पार्टी ऐप्स की परमिशन जांचें
कई ऐप्स और वेबसाइटों में Google Account से साइन-इन करते समय हम उन्हें अलग-अलग तरह की परमिशन दे देते हैं. समय के साथ ऐसी कई सेवाएं अकाउंट से जुड़ी रह सकती हैं, भले ही उनका इस्तेमाल बंद हो चुका हो. इसलिए समय-समय पर थर्ड-पार्टी ऐप्स की Access लिस्ट चेक करें और जिन ऐप्स या वेबसाइटों की अब जरूरत नहीं है, उनकी परमिशन हटा दें. साथ ही Recovery Phone Number और Recovery Email को भी अपडेट रखें, ताकि पासवर्ड भूलने या अकाउंट से जुड़ी परेशानी होने पर उसे दोबारा हासिल करने में आसानी हो.
ये भी पढ़ें: Samsung Galaxy S25 5G पर बड़ा Price Cut! ₹26 हजार से ज्यादा सस्ता हुआ Flagship फोन