Delhi NCR Monsoon: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को जल्द ही गर्मी और उमस से राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले सप्ताह से मानसून की गतिविधियां तेज होंगी और कई इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही तेज हवाएं और गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है. अगर आप घर से बाहर निकलते हैं, तो छाता और रेनकोट तैयार रखें.
अगले सप्ताह से शुरू हो सकती है बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए मौसम पूरी तरह अनुकूल बना हुआ है. अगले दो से तीन दिनों में मानसून दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के कई हिस्सों में पहुंच सकता है. इसके बाद कई जगहों पर बारिश का सिलसिला शुरू होने की उम्मीद है.
पश्चिमी विक्षोभ का भी रहेगा असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस समय दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा के ऊपर सीजनल ट्रफ सक्रिय है. वहीं, हरियाणा और आसपास के इलाकों पर पश्चिमी विक्षोभ का भी असर बना हुआ है. इसके अलावा 2 जुलाई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बारिश और तेज हो सकती है. कुछ जगहों पर भारी बारिश भी देखने को मिल सकती है.
पहले बढ़ेगा तापमान, फिर मिलेगी राहत
आईएमडी के अनुसार अगले 24 घंटे में दिन का तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. हालांकि इसके बाद अगले चार दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की संभावना है. इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
लोगों को दी गई यह सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की अपील की है. तेज बारिश और आंधी के दौरान बेवजह बाहर निकलने से बचें और सुरक्षित जगह पर रहें. अगर मौसम का अनुमान सही रहा तो जुलाई की शुरुआत दिल्ली-एनसीआर में बारिश और सुहाने मौसम के साथ होगी.
ये भी पढ़ें- ITR, आधार, LPG, पासपोर्ट से लेकर क्रेडिट कार्ड तक... 1 जुलाई से बदल जाएंगे ये 8 बड़े नियम