Gonda News: गोंडा जिले के 13,735 विद्यार्थियों के बैंक खातों में कुल 4 करोड़ 88 लाख 47 हजार रुपये की छात्रवृत्ति ऑनलाइन ट्रांसफर की गई है. यह राशि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर (कक्षा 11-12) के पात्र छात्रों को उनके आधार लिंक्ड बैंक खातों में सीधे भेजी गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बटन दबाकर इस धनराशि का वितरण किया.
जिले के सभी इंटर कॉलेजों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन लाइव प्रसारित किया गया, जिससे छात्रों में उत्साह और गर्व की भावना देखी गई. साथ ही, जिला प्रशासन ने राजकीय इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज बड़गांव और कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज रेलवे कालोनी में छात्रवृत्ति वितरण समारोह आयोजित कर छात्रों को स्वीकृति पत्र वितरित किए.
छात्रवृत्ति का वर्गवार वितरण
जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह के मुताबिक, पूर्वदशम वर्ग (कक्षा 9-10) के तहत सामान्य वर्ग के 2,707 छात्रों को 81.21 लाख रुपये, अनुसूचित जाति के 1,769 छात्रों को 24.76 लाख रुपये, अन्य पिछड़ा वर्ग के 3,084 छात्रों को 64.14 लाख रुपये तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 589 छात्रों को 7.14 लाख रुपये दिए गए. इसी प्रकार, दशमोत्तर वर्ग (कक्षा 11-12) में सामान्य वर्ग के 3,526 छात्रों को 106.50 लाख रुपये, अनुसूचित जाति के 1,585 छात्रों को 190.69 लाख रुपये तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के 475 छात्रों को 13.82 लाख रुपये की राशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की गई.
निर्माण श्रमिकों की बेटियों के विवाह हेतु सहायता राशि में बढ़ोतरी
सहायक श्रमायुक्त मो. अब्बास ने बताया कि अब निर्माण श्रमिकों की बेटियों के विवाह के लिए दी जाने वाली आर्थिक सहायता बढ़ाकर 65 हजार रुपये कर दी गई है, जो पहले 55 हजार रुपये थी. अंतरजातीय विवाह के लिए भी सहायता राशि को 61 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया गया है. साथ ही, सामूहिक विवाह में सहायता राशि को 85 हजार रुपये कर दिया गया है, जिसमें वर-वधु की पोशाक के लिए 15 हजार रुपये भी शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: महिलाओं के लिए सुनहरा मौका, यूपी में आंगनबाड़ी के 69,197 पदों पर होगी भर्ती, जानें पूरी जानकारी