Teacher Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए गोवा से बड़ी खबर सामने आई है. गोवा कर्मचारी चयन आयोग (GSSC) ने सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती के लिए नोटिस जारी किया है. इस भर्ती के माध्यम से कुल 390 पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है और इच्छुक उम्मीदवार 20 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन केवल GSSC की आधिकारिक वेबसाइट gssc.goa.gov.in पर ही स्वीकार किए जाएंगे.
मराठी और कोंकणी माध्यम के लिए शिक्षक नियुक्ति
इस भर्ती अभियान में गोवा के सरकारी प्राथमिक विद्यालयों में मराठी और कोंकणी माध्यम के लिए शिक्षक नियुक्त किए जाएंगे. कुल 390 पदों में से 352 पद मराठी माध्यम के लिए और 38 पद कोंकणी माध्यम के लिए निर्धारित किए गए हैं. इस प्रकार, दोनों भाषाओं में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी.
आवेदन के लिए योग्यता और अनुभव
गोवा प्राथमिक शिक्षक पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को कुछ आवश्यक शर्तें पूरी करनी होंगी. उम्मीदवार ने 12वीं कक्षा कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ पास की होनी चाहिए. इसके साथ ही उसके पास प्राथमिक शिक्षा में डिप्लोमा (D.El.Ed / D.Ed) या चार वर्षीय बीईएलएड डिग्री होनी आवश्यक है. शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पास होना अनिवार्य है. उम्मीदवार के पास गोवा सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त प्राथमिक विद्यालय में कम से कम दो साल का शिक्षण अनुभव होना चाहिए. कोंकणी भाषा का ज्ञान अनिवार्य है, जबकि मराठी भाषा जानने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी.
आयु सीमा और दस्तावेज आवश्यकताएं
उम्मीदवार की अधिकतम आयु 45 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए, हालांकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार छूट दी जाएगी. आवेदन करते समय सभी जरूरी दस्तावेज तैयार रखना आवश्यक है. इनमें शैक्षणिक प्रमाण पत्र, गोवा सरकार द्वारा जारी 15 साल का निवास प्रमाण पत्र, एम्प्लॉयमेंट एक्सचेंज रजिस्ट्रेशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), दिव्यांग या पूर्व सैनिक प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), अनुभव प्रमाण पत्र और टीईटी प्रमाण पत्र शामिल हैं.
वेतनमान और अन्य लाभ
चयनित उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के अनुसार वेतन दिया जाएगा. प्राथमिक शिक्षक पद के लिए वेतन स्तर-6 तय किया गया है, जिसके तहत वेतन 35,400 रुपये से लेकर 1,12,400 रुपये प्रतिमाह तक होगा. इसके अतिरिक्त शिक्षकों को महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता, यात्रा भत्ता और अन्य सरकारी सुविधाएं भी मिलेंगी.
आवेदन शुल्क और प्रक्रिया
आवेदन के समय उम्मीदवारों को निर्धारित शुल्क का भुगतान करना होगा. सामान्य वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 400 रुपये, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 200 रुपये और एससी, एसटी व दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये तय किया गया है. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आवेदन करने से पहले सभी योग्यता और दस्तावेजों की जांच अवश्य कर लें.
ये भी पढ़ें: 12वीं पास युवाओं के लिए सुनहरा मौका, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड में निकली वैकेंसी, ऐसे करें अप्लाई